रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. आरोपी ने सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती कर उसे प्रेमजाल में फंसाया. बाद में उसने युवती के निजी फोटो और वीडियो हासिल किया. पुलिस ने आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है. पीड़िता लैलूंगा थाना क्षेत्र की निवासी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने 12 जुलाई को साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब छह महीना पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान अविनाश उर्फ राजा से हुई थी. आरोपी मुजफ्फरपुर, बिहार का रहने वाला है. बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने युवती से उसके निजी फोटो और वीडियो मंगवाया.
इसके बाद उसने एक एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस ले लिया. मोबाइल का एक्सेस मिलने पर आरोपी ने युवती की निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर ली. वह सोशल मीडिया और परिवार के सदस्यों को अंतरंग फोटो-वीडियो भेजने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने लगा.
भयवश युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में कुल 13 हजार रुपये भेजे. यह रकम 3 हजार, 5 हजार और 5 हजार रुपये की किस्तों में भेजी गई थी. पैसे मिलने के बावजूद आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा. उसने युवती के परिजनों से संपर्क कर उसे बदनाम करने का भी प्रयास किया.
पीड़िता की शिकायत के बाद साइबर थाने की पुलिस टीम ने आरोपी अविनाश उर्फ राजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की. साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक ने तकनीकी विश्लेषण कर अन्य अंकीय सबूत इकठ्ठा किया.
साइबर पुलिस टीम ने आरोपी अविनाश चौधरी को जिला मुजफ्फरपुर के थाना बेला क्षेत्र से गिरफ्तार किया. अविनाश चौधरी उम्र 20 साल ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर यह जुर्म किया था. उसे 23 जुलाई को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
2026-07-23











