रायगढ़/तमनार : रायगढ़ जिला की तमनार पुलिस ने बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. आरोपी ने अपनी पत्नी को भगाने के शक में 60 साल के ग्रामीण पर टंगिया (लोहे की कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
मिली जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार से थाना तमनार को खबर मिली कि ग्राम महलोई निवासी भागीरथी किशान उम्र 60 साल सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से इलाज के लिए भर्ती हैं.
खबर मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के निर्देशन में तमनार पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. जहां घायल भागीरथी के बेटे विनोद किशान से पूछताछ में उसने बताया कि गांव के दूजराम चौहान को शक था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है. इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार भागीरथी से गाली-गलौज और विवाद कर रहा था.
प्रार्थी के मुताबिक 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे भागीरथी किशान अपने घर के सामने गली में खड़े थे. तभी आरोपी दूजराम चौहान हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां देने लगा. इसके बाद उसने “जान से मार दूंगा” कहते हुए जानलेवा नीयत से भागीरथी किशान के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से भागीरथी किशान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
प्रार्थी की इस रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के अंतर्गत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की गई. पुलिस ने आरोपी दूजराम चौहान उम्र 64 साल निवासी महलोई को हिरासत में लिया. पूछताछ और बयान के आधार पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई. आरोपी को 1 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
घायल भागीरथी किशान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है.











