सरपंच पति की गांव लौटते वक्त हत्या के बाद लूटपाट, विरोध करने पर चाकू से किया हमला, मोबाइल और 4 हजार लूटकर बदमाश फरार, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग से लूट और हत्या का मामला सामने आया है. रविवार देर रात धमधा रोड पर चार बदमाशों ने चाकू मारकर कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या कर दी. मृतक धमधा मंडल का कोषाध्यक्ष, ग्राम तुमाकला गांव के पंच और सरपंच के पति थे. आरोपियों ने लूट की नीयत से उन्हें रोका था. विरोध करने पर उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र में करहीडीह और चिखली चौक के बीच की है.
विरोध करने पर चाकू से किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई से अपने गांव तुमाकला लौट रहे थे. उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था. इसी दौरान धमधा रोड पर करहीडीह और चिखली चौक के बीच एक ही बाइक पर सवार 4 अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया.
बताया जा रहा है कि बदमाश लूट की नीयत से आए थे. उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नकदी छीनने की कोशिश की. जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा.
मोबाइल और 4 हजार लूटकर फरार
वारदात के बाद आरोपी प्रकाश सिंह कश्यप का मोबाइल और करीब 4 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए. खबर मिलते ही जेवरा सिरसा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी.
पत्नी है गांव की सरपंच
प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच थे. उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का सामने आया है. आरोपियों की पहचान की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.

Author