जमीन विवाद और इश्क में कत्ल: गर्लफ्रेंड संग मिलकर बेटे ने गला दबाकर ली जान, शव को दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश, बेटे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में एक महिला की हत्या कर शव को रेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चौकी दोकड़ा क्षेत्र के ग्राम बंदरचुआ रौतियाबस्ती में हुई इस वारदात में पुलिस ने मृतका के बेटे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. आरोपियों पर महिला की हत्या करने और शव को दफनाकर सबूत मिटाने का आरोप है.
बदबू से खुला हत्या का राज
मिली जानकारी के मुताबिक 30 जुलाई 2026 को खबर मिली कि ग्राम बंदरचुआ रौतियाबस्ती स्थित हरावती बाई के घर से तेज बदबू आ रही है और मकान पर बाहर से ताला लगा हुआ है. खबर मिलने के बाद चौकी दोकड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की गई.
जांच के दौरान घर के पास निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के समीप रेत में दफन एक महिला का शव बरामद हुआ. जिसकी पहचान हरावती बाई उम्र 58 साल के रूप में हुई. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई.
बेटे की संदिग्ध गतिविधियों से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को मृतका का बेटा भूषण राम संदिग्ध लगा. मां की मौत के बाद अंतिम संस्कार और पंचनामा की कार्रवाई से उसका दूर रहना पुलिस के शक की वजह बना. तकनीकी और मौके पर मिले सबुतों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में भूषण राम ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई से उसका पिछले पांच साल से प्रेम संबंध था. वहीं उसकी मां हरावती बाई और श्यामपति बाई के परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद भी चल रहा था.
गला दबाकर की हत्या, फिर रेत में दफनाया शव
पुलिस जांच में सामने आया कि 24 जुलाई की रात श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने मिलकर हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी. अगले दिन भूषण राम को घटना की जानकारी दी गई और उससे किसी को कुछ नहीं बताने के लिए कहा गया. कुछ दिनों बाद शव से बदबू आने लगी तो तीनों ने मिलकर रात के समय शव को घर से निकालकर पास के निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास गड्ढा खोदा और रेत में दफनाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया.
फावड़ा और अन्य सामान जब्त
आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने शव दफनाने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और दूसरी अहम सामग्री बरामद कर जब्त की है. एफएसएल जांच, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर तीनों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया.
तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने इस मामले में श्यामपति बाई उम्र 42 साल, बुधमति बाई उम्र 65 साल और भूषण राम उम्र 29 साल को गिरफ्तार कर 1 अगस्त 2026 को अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.

Author