बिलासपुर : बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र स्थित गतौरा कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार तड़के हुई सनसनीखेज डकैती ने कानून-व्यवस्था और शराब दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. 5 से 6 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ दुकान पर धावा बोला. विरोध करने पर एक सुरक्षा गार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. जबकि दूसरे गार्ड को भी बंधक बना लिया. इसके बाद बदमाशों ने लॉकर तोड़कर नकदी लूटने की कोशिश की. लेकिन नाकाम रहने पर दुकान से महंगी शराब, गार्ड का मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर लेकर फरार हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक वारदात सोमवार तड़के करीब दो बजे हुई. उस समय शराब दुकान की सुरक्षा में हरकुमार और शैलेन्द्र नामक दो गार्ड तैनात थे. नकाबपोश बदमाश अचानक दुकान में घुस आए और दोनों गार्डों को हथियारों के बल पर काबू में लेने लगे. गार्ड हरकुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. शैलेन्द्र जब उसकी मदद के लिए आगे बढ़ा तो बदमाशों ने उसे भी पकड़ लिया और दोनों के हाथ-पैर बांध दिए
गार्डों को बंधक बनाने के बाद बदमाश सीधे दुकान के लॉकर तक पहुंचे. अपने साथ लाए कटर से उन्होंने काफी देर तक लॉकर काटने का प्रयास किया. लेकिन कामयाबी नहीं मिली. नकदी हाथ नहीं लगने पर बदमाशों ने दुकान में रखी मैजिक मोमेंट, एसी ब्लैक सहित 6 से 7 ब्रांड की करीब 25 हजार रुपये कीमत की शराब समेट ली. जाते-जाते उन्होंने घायल गार्ड का मोबाइल फोन भी छीन लिया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गए. ताकि वारदात के सबूत पुलिस के हाथ न लग सकें.
बदमाशों के फरार होने के बाद घायल गार्ड ने किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त कराया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. खबर मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस, आबकारी विभाग, एसीसीयू और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और गार्डों से पूछताछ कर वारदात की जानकारी जुटाई.
पुलिस अब तकनीकी सबूतों के सहारे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. दुकान के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साइबर टीम मोबाइल लोकेशन, टॉवर डंप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों का विश्लेषण कर बदमाशों की पहचान में जुटी है. मस्तूरी थाना प्रभारी केसी सिदार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों को जांच में लगाया गया है और संदिग्धों की तलाश लगातार जारी है.
गौरतलब है कि गतौरा स्थित इसी शराब दुकान को करीब नौ साल पहले भी बदमाशों ने निशाना बनाया था. उस समय भी लूट की कोशिश के दौरान फायरिंग हुई थी और पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. एक बार फिर उसी दुकान में हुई डकैती ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस का दावा है कि तकनीकी सबूतों और जांच के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. लेकिन इस वारदात ने यह साफ कर दिया है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं.











