घर से 11 मिनट में 5.60 लाख की चोरी, चोरों ने जेवर गिरवी रख उठाया गोल्ड लोन, एक चोरनी समेत 5 चोर गिरफ्तार, 13.70 लाख का माल बरामद

Spread the love

बेमेतरा : बेमेतरा शहर के सिंघौरी वार्ड में महज 11 मिनट के भीतर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, ताला काटने के औजार, टीवी, मोबाइल, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन के दस्तावेज और नकदी सहित करीब 13.70 लाख रुपये का सामान बरामद किया है. गिरोह के चार आरोपियों पर पहले से चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट सहित 90 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड नम्बर 12 सिंघौरी निवासी पवन शाह उम्र 36 साल ने 22 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई कि 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात 2:42 बजे से 2:53 बजे के बीच दो बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे करीब 4.60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए. पूरी वारदात महज 11 मिनट में अंजाम दी गई.
इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित की. डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल की जांच की गई. इसके बाद साइबर सेल ने तकनीकी सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. पूछताछ में अजय कुमार जैन, मो सुमोन और राजेश निषाद ने चोरी की वारदात कबूल कर ली.
चोरी के जेवर गिरवी रखकर लिया गोल्ड लोन
जांच में पता चला कि चोरी के बाद आरोपियों ने नकदी का आपस में बंटवारा कर लिया. मुख्य आरोपी अजय कुमार जैन ने अपनी पत्नी दिव्या सांखला के साथ मिलकर चोरी के कंगन और सोने की चेन राजनांदगांव के एक ज्वेलर्स को करीब 2 लाख रुपये में बेच दिए. वहीं रानी हार, अंगूठी और टॉप्स को एक स्मॉल फाइनेंस बैंक में 4.75 लाख रुपये के गोल्ड लोन पर गिरवी रख दिया.
चोरी की रकम से आरोपियों ने टीवी और मोबाइल खरीदे, जबकि कुछ रकम ऑनलाइन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, ताला काटने की आरी, बोरा उठाने का हुक, चोरी की रकम से खरीदा गया टीवी और मोबाइल, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन के दस्तावेज, नकदी और चोरी के अधिकांश जेवर बरामद कर लिए, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 13.70 लाख रुपये आंकी गई है.
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं 90 से ज्यादा मामले
पुलिस ने अजय कुमार जैन, मो सुमोन, राजेश निषाद, दिव्या बाई सांखला (जैन) और आदित्य जैन (ज्वेलर्स संचालक) को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.

चोरों से पुलिस ने इन सामानों की बनाई जब्ती
अजय कुमार जैन से जुर्म में इस्तेमाल मोटर साइकिल CG07 BL 0261 ताला काटने में इस्तेमाल आरी पत्ती, चोरी के पैसों से खरीदे एक नग टीवी. और चोरी की रकम में से बाकी नगदी रकम 2,000/- रुपये, कुल कीमत 82,000/- रूपये.
मो सुमोन से चोरी में मिले नगदी बाकी बचत रकम 20,000 रुपये, चोरी के पैसो से खरीदे 1 नग मोबाइल कुल कीमत 45,000/- रूपये.
राजेश निषाद से चोरी करने मे इस्तेमाल बोरा उठाने के हुक, चोरी के नगदी बाकी बचत रकम 8,000/- रुपये और मोबाइल कीमत 18,000/- रूपये.
दिव्या बाई सांखला (जैन) से चोरी के मशरुका को ESAF SMALL FINANCE BANK मे गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने की पर्ची की सत्यापित छायाप्रति.
ज्वेलर्स के संचालक आरोपी आदित्य जैन से चोरी के मशरुका सोने का कंगन एक जोडी और एक नग सोने के चैन, कुल कीमत 4,00,000/- रूपये.

आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड, दर्जनों मामले हैं दर्ज
अजय कुमार जैन के खिलाफ जिला राजनांदगांव एवं दुर्ग, बालोद, जिले के थाने राजनांदगांव कोतवाली, खैरागढ, छुरिया, बसंतपुर, डोंगरगढ, गंडाई, धमधा, नंदनी, लालबाग, जामुल, देवरी, अंबागढ चौकी, डोण्डी लोहारा, अण्डा, पुलगांव में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ एवं मारपीट के करीब 41 मामले दर्ज हैं.
राजेश निषाद के खिलाफ जिला राजनांदगांव और दुर्ग, बालोद, जिले के थाने खैरागढ, डोंगरगढ, नंदनी, गंडई, धमधा, लालबाग, जामुल, सुरेगांव, देवरी, अंबागढ चौकी, डोण्डी लोहारा, बसंतपुर, अण्डा, पुलगांव में चोरी, नकबजनी के करीब 33 मामले दर्ज हैं.
मो सुमोन के खिलाफ जिला कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली और राजनांदगांव, जिले के थाने कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, राजनांदगांव में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के करीब 7 मामले दर्ज हैं.
दिव्या बाई सांखला के खिलाफ जिला राजनांदगांव, के कई थानों खैरागढ, लालबाग, डोंगरगढ में चोरी, नकबजनी के करीब 11 मामले दर्ज हैं.

Author