महिला की संदिग्ध मौत, पति पर अवैध संबंध के चलते कुएं में धक्का देने का आरोप, बेटी बनी गवाह, ससुर ने लगाई इंसाफ की गुहार

Spread the love

रायपुर/आरंग : छत्तीसगढ़ के आरंग में शादीशुदा महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. महिला के पिता ने अपने दामाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि पति के अवैध संबंध के चलते की गई एक सोची-समझी हत्या है. यह पूरा मामला आरंग थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 का है.
रामधार सोनकर ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पुष्पा सोनकर की शादी करीब 20 साल पहले गुढ़ियारी पारा निवासी रामानंद सोनकर के बेटे भोला सोनकर के साथ हुआ था. इस दंपती के चार बच्चे हैं.
अवैध संबंध का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि पिछले तीन सालों से आरोपी भोला सोनकर का किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा है. जिससे उसका एक साल का बच्चा भी है. इसी बात को लेकर भोला अक्सर पुष्पा और उसके बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करता था. साथ ही जान से मारने की धमकियां देता था.
मृतका की बेटी ने किया खुलासा
मृतका की 18 साल की बेटी के मुताबिक 30 जुलाई को आरोपी भोला सोनकर घर नहीं लौटा था. 31 जुलाई की सुबह 5 बजे भोला घर पहुंचा और पुष्पा के साथ उसका विवाद हुआ. इसके बाद वह उसे घर के पीछे बाड़ी की तरफ ले गया. इसके बाद उसने मृतका के भाई गोविंदा को फोन कर कहा कि तुम्हारी बहन कुएं में गिर गई है.
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
खबर मिलते ही मृतका के भाई गोविंदा, दुर्गेश और बहू टिकेश्वरी फौरन मौके पर पहुंचे. पुष्पा कुएं के पास बेसुध हालत में पड़ी थी और उसे सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी. परिजन उसे फौरन आरंग के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए. जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान पुष्पा ने दम तोड़ दिया.
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
मृतका के पिता रामधार सोनकर और स्थानीय पड़ोसियों का कहना है कि पुष्पा को अच्छी तरह तैरना आता था. ऐसे में उसका अचानक कुएं में गिरकर डूब जाना संदिग्ध मालूम होता है. परिजनों का सीधा आरोप है कि अवैध संबंधों के चलते भोला ने ही उसे कुएं में धक्का देकर मारा है.
पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार
आरंग थाने में 2 अगस्त को सौंपे गए लिखित आवेदन में मृतका के पिता, भाइयों और बच्चों ने आरोपी भोला सोनकर के खिलाफ फौरन गंभीर धाराओं में FIR, मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है. फिलहाल, पुलिस ने आवेदन को संज्ञान में लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Author