दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की तालाब में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान, मोबाइल गायब, इधर डूबने से दर्दनाक मौत, 4 घंटे बाद मिला शव

Spread the love

दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की तालाब में मिली लाश
रायपुर/नवापारा : रायपुर जिला के नवापारा में एक युवक का शव तालाब में तैरता हुआ मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इधर पति के मौत की खबर मिलते ही पत्नी गहरे सदमे में चली गई. बताया जा रहा है कि मानसिक आघात में उसने आत्महत्या की नियत से अपनी मासूम बच्ची और खुद पर धारदार हथियार से वार कर दिया. यह मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नवापारा के किसान पारा वार्ड नम्बर 11 निवासी रायपुर विमल यादव उम्र 30 वर्ष साल सोमवार को अपने दोस्त भोलू (निवासी पिपरौद) और गोलू (निवासी दुलना) के साथ घर से घूमने निकला था. लेकिन वापस नहीं लौटा. इस बीच उसका मोबाइल भी बंद हो गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला.
इधर, दुलना और पटेवा मार्ग पर स्थित तालाब में सुबह ग्रामीणों ने एक शव तैरते हुए देखा और फौरन पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला. शव की पहचान विमल यादव के रूप में की गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवापारा सीएचसी भिजवा दिया. पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के मुताबिक मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान मिले हैं. वहीं उसका मोबाइल फोन मौके से गायब है. जिससे मामला संदिग्ध हो गया है. ऐसे में पुलिस हादसा, खुदकुशी और मर्डर तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
विमल यादव की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. उसकी तीन साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया. घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी गहरे सदमे में चली गई. बताया जा रहा है कि मानसिक आघात में उसने खुद को कमरे में बंद कर दिया और खुदकुशी करने की नीयत से मासूम बच्ची और खुद पर धारदार हथियार से कई वार कर दिया. बच्ची की गर्दन और गले पर और महिला ने अपने गले पर गंभीर चोंट आई है. परिजन दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे दोनों को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज जारी है.
मामले की खबर मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और मौत की असल वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

तालाब में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत, 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव, गांव में पसरा मातम
जांजगीर-चाम्पा/अकलतरा : जांजगीर-चाम्पा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटघरी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक युवक की पहचान दीपक कंवर के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक दीपक कंवर तालाब में डूब गया था. हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन के साथ बड़ी तादाद में ग्रामीण पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की गई. तालाब में काफी देर तक खोजबीन के बावजूद दीपक का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद गोताखोरों की मदद ली गई.
पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों की मौजूदगी में गोताखोर लगातार तालाब में दीपक की तलाश करते रहे. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गोताखोरों को दीपक को ढूंढने में कामयाबी मिली.
तालाब से दीपक को बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और घटना के बारे में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Author