युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने जताया पत्नी पर हत्या का संदेह, पुलिस ने आरोपी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

Spread the love

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 साल के अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की थी. मामले में पुलिस जांच के बाद मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक करीब तीन हफ्ते पहले अंकित सोनवानी अपने घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था. उसे अस्पताल ले जाया गया. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से ही मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे थे. मृतक की बहन अंकिता सोनवानी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर अपनी भाभी प्रिया सोनवानी पर प्रताड़ना और हत्या का शक जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मानिकपुर चौकी क्षेत्र की पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मौत की वास्तविक परिस्थितियों और घटना के पीछे की वजह को लेकर जांच जारी है.

Author