गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम केवची में पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान बिरसिया बाई के रूप में हुई है. जबकि आरोपी पति का नाम नंद बैगा बताया जा रहा है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नंद मौके से फरार हो गया. जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
इस बात पर सनक गया पति
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी नंद बैगा अपनी पत्नी बिरसिया बाई के बिना बताए बार-बार घर से चले जाने की आदत से काफी समय से नाराज रहता था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घटना के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई. जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई. गुस्से में आकर नंद बैगा ने घर में रखे डंडे से बिरसिया बाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बिरसिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात की खबर मिलते ही गौरेला थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी पति नंद बैगा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
2026-08-13











