नदी ने छीन लीं परिवार की खुशियां, नहाने गए 14 वर्षीय नाबालिग की मौत, घंटों तलाश के बाद 10 फीट गहराई में मिला शव, बहन बेहोश, परिवार में मचा कोहराम

Spread the love

बिलासपुर/सरकंडा : अरपा नदी ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं. सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा निवासी 14 साल के सौरभ की गुरुवार सुबह नदी में डूबने से मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. खबर पर सरकंडा पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद नदी में करीब 10 फीट गहरे पानी से बालक का शव बरामद किया.
मिली जानकारी के मुताबिक सौरभ सुबह घर से खेलने के लिए निकला था. कुछ देर बाद परिजनों को खबर मिली कि वह अरपा नदी में डूब रहा है. खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और फौरन सरकंडा पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF टीम को बुलाया.
SDRF की टीम मोटर बोट के साथ नदी में उतरी और बालक की तलाश शुरू की. नदी के गहरे पानी और मुश्किल हालात के बीच टीम कई घंटों तक सौरभ को तलाशती रही. आखिरकार नदी के भीतर करीब 10 फीट गहराई में उसका शव मिला. SDRF के जवानों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया.
इधर बेटे का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सौरभ की बहन सदमे में आकर मौके पर ही बेहोश हो गई. परिजनों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया.
पुलिस ने शव को एंबुलेंस के जरिए सिम्स अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन हालात में सौरभ नदी के गहरे पानी में पहुंचा और डूबने की घटना कैसे हुई.
महज 14 साल की उम्र में सौरभ की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. एक पल पहले तक घर से खेलने निकला बालक कुछ ही घंटों बाद परिवार के बीच नहीं, बल्कि मर्चुरी में मिला. इस दर्दनाक हादसे ने अरपा नदी के गहरे और खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

Author