PSC की तैयारी करने आई छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, किराए के मकान में फंदे पर लटकी मिली लाश, दूसरी छात्रा ने मकान मालिक को दी खबर, पसरा मातम

Spread the love

सरगुजा : अंबिकापुर शहर के गांधीनगर स्थित किराए के मकान में एक युवती ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. वह कुछ दिनों पहले ही सीजीपीएससी की तैयारी करने जशपुर से अंबिकापुर आई थी. बुधवार की सुबह किराए के मकान में ही रह रही दूसरी छात्रा ने उसे फंदे पर लटका देख मकान मालिक को खबर दी. फिर उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया. यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. गांधीनगर पुलिस की खबर पर युवती के परिजन अंबिकापुर पहुंचे. पुलिस ने पीएम के बाद युवती का शव उसके परिजन को सौंप दिया. युवती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
जशपुर जिले के फरसाबहार निवासी तनुजा पैकरा पिता बालसाय पैकरा उम्र 28 साल ने कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर ली थी. वह सीजीपीएससी की तैयारी के मकसद से 25 जुलाई को अंबिकापुर आई थी. वह शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर के गांधी चौक के पास स्थित एक मकान में किराए का कमरा लेकर रह रही थी. वहीं दूसरे कमरे में अन्य छात्राएं भी रहती हैं.
इसी बीच बुधवार की सुबह एक छात्रा ने उसे फंदे से लटका देख मकान मालिक को खबर दी. इस पर मकान मालिक व एक पड़ोसी ने उसे कमरे में फंदे पर छटपटाते देख पैर पकड़ लिया. फिर जैसे-तैसे उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए. यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस व एसएफएल की टीम ने की जांच
सूचना पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की. पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जब्त किया है. शक पर पुलिस ने एसएफएल की टीम को बुलाकर जांच कराई. फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. युवती ने किस वजह से खुदकुशी की. इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है.
परिजन ले गए शव
पुलिस ने युवती की खुदकुशी की खबर उसके परिजन को मोबाइल से दी. यह बात सुनकर परिजन बदहवास जशपुर से अंबिकापुर पहुंचे. यहां पुलिस ने पीएम के बाद युवती का शव उन्हें सौंप दिया. इसके बाद परिजन शव लेकर गृह ग्राम चले गए. परिजन द्वारा खुदकुशी के बारे में किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है.

Author