बुजुर्ग दंपत्ति को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, खून से लथपथ मिले शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस, परिवार और गांव में शोक और आक्रोश का माहौल

Spread the love

बेमेतरा : बेमेतरा जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कमकावड़ा में बुजुर्ग दंपत्ति की बेरहमी से हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. गांव में उस समय हड़कंप मच गया. जब 60 साल के बलिराम साहू और उनकी पत्नी का शव घर में खून से लथपथ हालत में मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या किसी धारदार हथियार या अन्य घातक वस्तु से किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के तरीके और वारदात में इस्तेमाल हथियार को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर जरूरी सबूत जुटाए हैं.
मामले की खबर मिलने के बाद बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की खबर से परिवार और आसपास के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत केकी वजह और हत्या से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
जांच एजेंसियां हत्या के पीछे आपसी विवाद, संपत्ति विवाद, रंजिश या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने के लिए अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है. घटनास्थल से मिले सबूतों और ग्रामीणों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या किसने और किस वजह से की.

Author