अपराध से पहले कानून की पैनी नजर, मेडिकल स्टोर में डकैती की साजिश नाकाम, जेल में बनी प्लान, पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

Spread the love

जांजगीर चांपा : जिले की बिर्रा थाना पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी दो बाइक में सवार होकर करही गांव स्थित मेडिकल स्टोर और जनरल स्टोर में डकैती की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को वारदात से पहले ही पकड़ लिया. आरोपियों के पास से एयर गन, लोहे की कुदाली सहित अन्य सामान और बाइक जब्त की गई है. सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त की रात बिर्रा थाना पुलिस को खबर मिली कि किकीरदा रोड स्थित देशी शराब दुकान के पास कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं. खबर के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सभी आरोपी करही गांव स्थित सत्या मेडिकल स्टोर और जनरल स्टोर में डकैती करने की प्लान बनाकर आए थे. आरोपियों के पास वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार और अन्य सामान मौजूद थे.
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से दो बाइक, एयर गन, लोहे की कुदाली और अन्य सामान जब्त किया गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 310(4), 310(5) के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की है.
जेल में बनी डकैती की प्लान
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच में सामने आया है कि करहि गांव निवासी राजेंद्र साहू इस पूरी साजिश का मुख्य आरोपी है. राजेंद्र साहू कुछ समय पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था. पुलिस के मुताबिक राजेंद्र साहू गांव के उपसरपंच की हत्या के मामले में जेल गया था. जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात अन्य लूट और हत्या के मामलों में बंद आरोपियों से हुई थी. बताया जा रहा है कि जेल में रहते हुए राजेंद्र साहू ने अपने साथियों को जानकारी दी थी कि उसके गांव के सत्या मेडिकल स्टोर में बड़ी रकम रहती है. इसी जानकारी के आधार पर जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर और जनरल स्टोर में डकैती की प्लान बनाई.
वारदात से पहले पुलिस की कार्रवाई
पुलिस की सतर्कता की वजह से आरोपी अपनी प्लान को अंजाम नहीं दे सके. पुलिस ने समय रहते सभी आरोपियों को पकड़ लिया और संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया. गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र साहू निवासी करहि गांव शामिल है. इसके अलावा शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव निवासी राजकुमार कर्ष, कनस्दा गांव निवासी जितेंद्र साहू, तुस्मा गांव निवासी रंजीत साहू और शिवरीनारायण निवासी भीम सारथी शामिल हैं.
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इससे पहले भी उन्होंने किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम दिया है या नहीं. साथ ही पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. बिर्रा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में होने वाली संभावित डकैती की घटना टल गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुर्म को कंट्रोल करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर फौरन कार्रवाई की जा रही है.

Author