घर के पीछे बाड़ी में मिली 22 वर्षीय युवती की लाश, धारदार हथियार से हत्या की आशंका, इलाके में फैली सनसनी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love

बलौदाबाजार : लवन थाना क्षेत्र के ग्राम चितावर में 24 साल की युवती की हत्या से सनसनी फैल गई. युवती का शव घर के पीछे बाड़ी में मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम चितावर निवासी समारिन बाई ध्रुव खेत में काम करने के बाद तालाब में नहाने गई थी. घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी बेटी सतरूपा को आवाज लगाई. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. तलाश करने पर घर के पीछे बाड़ी में सतरूपा का शव पड़ा मिला.
परिजनों ने घटना की खबर आसपास के लोगों और लवन पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.
मृतिका की मां ने अपने एक पड़ोसी रिश्तेदार पर बेटी को कथित तौर पर ‘टोनही’ कहकर अपशब्द कहने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने इस आरोप की अभी पुष्टि नहीं की है. पुलिस मर्डर की वजह और आरोपी की पहचान के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है.
फिलहाल मर्डर की वजह और आरोपी का खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है.
वहीं, महिला की हत्या के बाद गांव में तरह तरह की चर्चा की जा रही है. कुछ लोगों ने जादू-टोना के चलते हत्या करने की बात कही है. फिलहाल पुलिस द्वारा हर पहलुओं पर जांच की जा रही है.

Author