सक्ती : सक्ती शहर के महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर से भगवान साईं का चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया है. बरामद मुकुट की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. इससे पहले भी दोनों आरोपी चोरी के मामले में कई बार जेल जा चुके है.
मिली जानकारी के मुताबिक साईं मंदिर में चोरी की खबर मिलने पर प्रार्थी विजय बहादुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंदिर में भगवान साईं के सिर पर लगा चांदी का मुकुट चोरी हो गया है और चोरी करने वाला व्यक्ति मौके से भाग गया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ प्रार्थी और गवाहों के बयान लिए गए और मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिछुआ निवासी सतीश दुबे उम्र 37 साल को पकड़ा. पूछताछ में उसने अपने सहयोगी ननकी राम चौहान उम्र 44 साल निवासी ग्राम खम्हार, चौकी जोबी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना कबूल किया.
आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया। गवाहों की मौजूदगी में मुकुट को विधिवत जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया. जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों से दोनों आरोपियों की जुर्म में शामि ल होना कबूल किया. जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले में थाना सक्ती पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी सतीश दुबे नरसिंहपुर मध्यप्रदेश का निगरानी हिस्ट्रीशीटर है. और उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के कई मामले दर्ज हैं. साथ ही उसके खिलाफ स्थाई वारंट भी लंबित बताया गया है.
आरोपी
सतीश दुबे पिता महेश दुबे उम्र 37 साल निवासी ग्राम बिछुआ, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर (म.प्र.)
ननकी राम चैहान पिता लछन राम चैहान उम्र 44 साल निवासी ग्राम खम्हार, चैकी जोबी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
2026-08-19











