CMHO के खिलाफ स्वास्थ्य कर्मियों का गुस्सा, अमर्यादित भाषा और प्रताड़ना के आरोप, पद से हटाने की मांग, सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी

Spread the love

बेमेतरा : एनएचएम कर्मचारी संघ ने सीएमएचओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम (NHM) कर्मचारी संघ ने स्वास्थ्य मंत्री के नाम बेमेतरा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और CMHO पर गंभीर आरोप लगाए हैं. संघ ने उन्हें पद से हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के खिलाफ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और NHM कर्मचारियों का आक्रोश सड़क पर उतर आया. CHO और NHM कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में बड़ी तादाद में महिला स्वास्थ्यकर्मी जय स्तंभ चौक पर इकठ्ठा हुईं और CMHO के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारी रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय की तरफ बढ़े, लेकिन उन्हें सिग्नल चौक पर ही रोक दिया गया. स्वास्थ्यकर्मियों ने CMHO पर अभद्र व्यवहार और अमर्यादित शब्दों के इस्तेमाल समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इससे पहले भी मामले को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी. साथ ही तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी. लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से स्वास्थ्यकर्मियों का आक्रोश बढ़ गया.
इसी के विरोध में प्रदेशभर से संगठन के पदाधिकारी और बड़ी तादाद में महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी बेमेतरा पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने CMHO के खिलाफ कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग करते हुए जिला प्रशासन से मामले में गंभीरता से संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
अमर्यादित भाषा और प्रताड़ना के आरोप
​संघ ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि समीक्षा बैठकों में सीएमएचओ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) और महिला कर्मचारियों के साथ अपमानजनक और अशोभनीय व्यवहार किया जाता है.
संघ का कहना है कि बैठकों में महिला कर्मचारियों पर लेजर लाइट डालने, उन्हें असहज करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और टीओआर (TOR) के विपरीत कार्य कराने जैसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं. सीआर खराब करने, नौकरी से निकालने और एफआईआर दर्ज कराने जैसी धमकियां भी दी जा रही है.
एनएचएम कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
⦁ सीएमएचओ को तत्काल पद से हटाया जाए या कहीं और ट्रांसफर किया जाए.
⦁ ​महिला कर्मचारियों से जुड़ी शिकायतों की जांच कराई जाए.
⦁ ​कर्मचारियों को लंबित वेतन का भुगतान किया जाए.
⦁ ​जांच में आरोप सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए.
15 दिन पहले हमने आवेदन देकर सीएमएचओ के खिलाफ शिकायत की थी. महिला कर्मचारियों से अच्छा व्यवहार नहीं किया. आजतक सीएमएचओ पर कार्रवाई नहीं की गई है- प्रफुल्ल कुमार, स्वास्थ्य कार्यकर्ता
हम असुरक्षित हैं. अभद्र व्यवहार किया जाता है. हम मर्यादित रूप से रहें. हम कह रहे हैं कि वो गलती स्वीकार करें- महिला सीएचओ
आज का प्रदर्शन दुखद है. देश प्रदेश में महिलाओं के लिए कई अच्छे काम हो रहे हैं. लेकिन सीएमएचओ महिलाओं से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं. हमारे साथियों ने पहले भी ज्ञापन दिया था. हम अपील करते हैं कि जो अधिकारी नारी शक्ति का सम्मान नहीं कर सकता है, उसे पद से हटाया जाए. वह लोगों पर दबाव बनाकर अपने पक्ष में माहौल बनाने का काम कर रहे हैं-अमित कुमार मिरी, NHM संघ प्रदेश अध्यक्ष
दो सप्ताह का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
​एनएचएम कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि अगर दो हफ्ते के भीतर इस मामले में कोई कार्रवाई या सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता है, तो संघ प्रदेश के सभी संविदा कर्मचारियों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेगा.

Author