चलती बस की भीड़ में ‘धक्का-मुक्की’ के खेल का बड़ा खुलासा, सोने की चेन उड़ाने वाली झपटमारी गैंग की 7 महिलाओं समेत 9 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Spread the love

बिलासपुर/रतनपुर : बिलासपुर जिला में रतनपुर थाना पुलिस ने चलती बस में झपटमारी कर यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने बस में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई की है.
मिली जानकारी के मुताबिक बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त 2026 को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ 2 अगस्त 2026 को किसी काम से बिलासपुर गए थे. उनकी पत्नी ने गले में सोने की चेन पहनी हुई थी. काम पूरा करने के बाद दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार होकर अपने घर बांकीमोंगरा कोरबा लौट रहे थे. बस में भीड़ ज्यादा होने की वजह से उन्हें सीट नहीं मिल पाई और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे. इसी दौरान महामाया चौक बिलासपुर से कुछ महिलाएं भी बस में सवार हुई.
बस में सवार इन महिलाओं ने जानबूझकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इसी दौरान उन्होंने गीता प्रधान को घेरकर धक्का दिया और भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले में पहनी सोने की चेन चोरी कर ली. इसके बाद महिलाएं शनिचरी चौक रतनपुर के पास बस से उतर गईं. जब रतनपुर पहुंचने के बाद बस खाली हुई और गीता प्रधान को बैठने की जगह मिली. तब उन्होंने अपने गले में पहनी चेन गायब पाई. इसके बाद उन्होंने आशंका जताई कि बस में धक्का-मुक्की करने वाली महिलाओं ने ही उनकी चेन चोरी की है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस टीम ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में दिखाई दे रही महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो जिला कोरबा निवासी लोगों के रूप में हुई. इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना क्षेत्र में दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने एक साथ मिलकर बस में सवार महिला की चेन चोरी करने की बात कबूल की. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने महिला को घेरकर धक्का-मुक्की की और मौका देखकर उसके गले से चेन निकाल ली थी.
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की गई चेन को उनके गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपये में दिया गया था. आरोपियों ने बताया कि चेन बेचने से मिले पैसों में से 12 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं. जबकि पुलिस ने उनके कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. वहीं फरार आरोपी सुरतनी गिरी की तलाश जारी है.
गिरफ्तार आरोपियों में अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीति गिरी, शिवानी गिरी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी शामिल हैं. सभी आरोपी कोनकोना ठिहईभाठा थाना बांगो जिला कोरबा के निवासी हैं.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चंद्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो की अहम भूमिका रही.
गिरफ्तार आरोपी
अंजली गिरी, उम्र 25 वर्ष
लोहारिन बाई, उम्र 50 वर्ष
सुनीता गिरी, उम्र 30 वर्ष
रामबाई, उम्र 40 वर्ष
प्रिती गिरी, उम्र 30 वर्ष
शिवानी, उम्र 20 वर्ष
देवी गिरी, उम्र 20 वर्ष
नरेश गिरी, उम्र 35 वर्ष
राम गिरी, उम्र 20 वर्ष
सभी आरोपी कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा निवासी

Author