कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में 5 दिन से फरार आरोपी ने किया कोर्ट में सरेंडर, वकील की ड्रेस में पहुंचा भरत मंगनानी, 3 दिन की पुलिस रिमांड

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच वकील की ड्रेस पहनकर अदालत में सरेंडर कर दिया. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
शादी की बातचीत के बीच हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक परमजीत रणगण्ही की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी. 14 अगस्त 2026 को शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी. गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई. इस दौरान भरत मंगनानी भी वहां मौजूद था.
बताया गया कि बातचीत के दौरान भरत मंगनानी और परमजीत के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद भरत ने तेज रफ्तार कार परमजीत के ऊपर चढ़ा दी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद फरार हो गया था आरोपी
वारदात के बाद आरोपी भरत मंगनानी अपनी सफेद फॉक्सवैगन कार लेकर मौके से फरार हो गया. मामले की खबर मिलने पर आमानाका पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत BNS की धारा 103 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. घटना के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी. तकनीकी सबूतों और अन्य माध्यमों से भी आरोपी की तलाश की जा रही थी.
पुलिस की कार्रवाई के दबाव में कोर्ट पहुंचा
पुलिस की लगातार कार्रवाई और गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर कोर्ट के सामने सरेंडर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड पर ले लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से घटना को लेकर डिटेल पूछताछ कर रही है. मामले में मिले सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Author