बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप में बदल गया. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में मारपीट और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ. घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. विवाद के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. घटना की खबर मलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल करने का प्रयास किया. संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है. बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
शुरुआती जानकारी के मुताबिक खपरगंज क्षेत्र में एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले गाली-गलौज और बहस हुई. लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया. हालात बिगड़ने पर दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है. अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है. घायलों के बारे में पुलिस की तरफ से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
नारेबाजी से माहौल हुआ तनावपूर्ण
मारपीट और पथराव के बीच दोनों पक्षों की तरफ से नारेबाजी भी किए जाने की जानकारी सामने आई है. इससे इलाके का माहौल और तनावपूर्ण हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत की स्थिति देखी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को नियंत्रित करने की कोशिश की. किसी भी तरह की अतिरिक्त अप्रिय घटना को रोकने के लिए आसपास के क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है.
एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. विवाद की असल वजह क्या थी और पथराव की शुरुआत किस तरफ से हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटा रही है.
इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी
घटना के बाद खपरगंज और आसपास के इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
अधिकारियों द्वारा स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की जा रही है. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद विवाद के कारण, दोनों पक्षों की भूमिका और घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल खपरगंज में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात है.
2026-08-28











