कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, पत्नी से भी मारपीट, कार का रास्ता रोकने पर विवाद, वीडियो वायरल, FIR के लिए थाने पहुंचे कांग्रेसी, केस दर्ज

Spread the love

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता और मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिद्धू के साथ घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि 15 से 20 लोगों ने दर्रीपारा स्थित उनके घर में घुसकर गुरप्रीत सिद्धू और उनकी पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की. घटना के बाद बड़ी तादाद में कांग्रेसी FIR दर्ज कराने के लिए मणिपुर थाने पहुंचे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत सिद्धू को पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव का करीबी माना जाता है. मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके में देर रात करीब 15 से 20 लोगों के एक समूह ने कांग्रेस नेता के घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की. अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई. घटना में दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया.
वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. हमले में दोनों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
घटना को लेकर पुरानी राजनीतिक दुश्मनी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. कांग्रेस नेता गुरु प्रीत सिंह सिद्दू ने एक भाजपा नेता पर हमला करवाने का गंभीर आरोप लगाया है. हालांकि, हमले के पीछे की असल वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
मामले को लेकर IG दीपक कुमार झा ने कहा है कि वे घटना पर संज्ञान ले रहे हैं. उन्होंने बताया कि CSP राहुल बंसल मौके पर खुद पहुंचकर मामले की पड़ताल कर रहे हैं. IG ने कहा कि जांच के बाद मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
घटना को लेकर कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है. कांग्रेसियों का कहना है कि इतनी बड़ी तादाद में लोगों का घर में घुसकर हमला करना गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल पुलिस FIR दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है.

Author