सरगुजा : छत्तीसगढ़ सूरजपुर जिले के खोपा धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो सड़क पर खड़ी ट्रक से जा भिड़ी. हादसे में बोलेरो सवार एक श्रद्धालु की मौत हो गई, पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है.
हादसा अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शहर सीमा से लगे सोनवाही जंगल के पास हुआ. घटना के समय तेज बारिश हो रही थी और अंधेरा था, ट्रक ड्राइवर ने इंडिकेटर भी नहीं जलाया था.
सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र के ग्राम लिचिरमा से श्रद्धालु रविवार को बोलेरो वाहन में सवार होकर खोपा धाम गए थे. दर्शन के बाद सभी देर शाम बोलेरो से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान सोनवाही जंगल के पास ड्राइवर ने ट्रक को खड़ी कर दिया था. ट्रक चालक ने इंडिकेटर भी नहीं जलाया था.
अंधेरा होने के साथ तेज बारिश भी हो रही थी. बारिश और अंधेरे की वजह से बोलेरो चालक सड़क पर खड़े ट्रक को समय रहते नहीं देख सका और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे में रतनपुर सीतापुर निवासी श्याम सुंदर उम्र 56 साल की मौत हो गई. बोलेरो में सवार सुभाष, मंजू, राजकुमारी, राजकुमार और सुशीला घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया है.
मजदूरों से भरी बस और बोलेरो में जोरदार भिड़ंत, एक मजदूर की मौत, कई घायल
बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरों से भरी बस और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई. जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर होने की जानकारी सामने आई है.
जानकारी के अनुसार हादसा वाड्रफनगर के बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के दुद्धी क्षेत्र से मजदूर बस के माध्यम से तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बस और बोलेरो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई.
हादसे में मृतक की पहचान सहदेव पिता थुरच, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी मोहली, छत्तीसगढ़ के रूप में बताई जा रही है. वहीं बोलेरो सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। बस में सवार मजदूरों को भी चोटें आई हैं
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है.
देर रात हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. दुर्घटना में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल दुर्घटना में घायल लोगों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.











