जांजगीर-चांपा : बलौदा थाना क्षेत्र में एक मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. वहीं, तीन नाबालिग बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है. आरोपितों के कब्जे से करीब 15 लाख 87 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और सात हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
परिवार सोता रहा, चोरों ने खंगाल दी आलमारी
मिली जानकारी के मुताबिक बलौदा के सोनार मोहल्ला निवासी नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. सुबह नींद खुलने पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली. किसी तरह दूसरे कमरे में पहुंचने पर आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई दिखाई दी. सामान की जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले.
पीड़ित की शिकायत पर बलौदा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिरों से मिली सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई.
पूछताछ में खुली चोरी की परतें
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने तीन नाबालिग बालकों के साथ मिलकर मकान में चोरी करने की बात कबूल की. जांच में चोरी के जेवरात को बेचने में संगीता जगत की भूमिका सामने आई. वहीं, चोरी का माल खरीदने के आरोप में अकलतरा निवासी सराफा कारोबारी सुमित अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया गया है.
रानी हार से लेकर सोने की अंगूठियां बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर रानी हार, चांदी की चेन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठियां, चांदी की पायल समेत कई आभूषण बरामद किए हैं. इसके अलावा सात हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं. बरामद जेवरात की कीमत करीब 15.87 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस मामले में आरोपितों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
2026-09-01











