वॉट्सऐप पर अब एक अकाउंट से चार अलग-अलग डिवाइस पर लॉगिन किया जा सकेगा. मार्क ज़करबर्ग ने ये फीचर लाइव होने का ऐलान कर दिया है. आने वाले हफ्तों में इसे दुनिया भर के यूजर्स के लिए रोल आउट कर दिया जाएगा. अब दो अलग-अलग फ़ोन्स या टेबलेट्स में एक ही वॉट्सऐप चलाया जा सकेगा.
दरअसल वॉट्सऐप यूजर्स लंबे समय से एक ही अकाउंट को कई डिवाइस से इस्तेमाल करने की सुविधा दिए जाने की रिक्वेस्ट कर रहे थे. वेब ब्राउज़र या पीसी में ऐप के जरिए मैसेजिंग ऐप का उपयोग लंबे समय से यूज़र्स कर रहे हैं, लेकिन एक से ज्यादा टैब या फ़ोन में एक वॉट्सऐप यूज़ करना संभव नहीं था.
यूजर्स की मांग पर गौर करते हुए मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप ने नई सुविधा शुरू की है, जिसमें यूजर्स अपने एक ही अकाउंट का इस्तेमाल एक से ज़्यादा फोन में कर सकता है. हालांकि, लिंक होने वाले डिवाइस की अधिकतम संख्या 4 होगी.
कंपनी ने एक बयान में कहा कि हर कनेक्टेड डिवाइस इंडिपेंडेटली वॉट्सऐप से जुड़ा रहेगा और यह कंपनी ने एक बयान में कहा कि हर कनेक्टेड डिवाइस वॉट्सऐप के प्राइमरी डिवाइस से जुड़ा रहेगा. सभी डिवाइसेस में पर्सनल मैसेज, मीडिया और कॉल एंड टू एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे.
हालांकि, वॉट्सऐप के कुछ फीचर्स केवल प्राइमरी डिवाइस में रहेंगे, जैसे स्टेटस अपडेट करने का फीचर या किसी डिवाइस को डिसकनेक्ट करने का फीचर. बाकी डिवाइसेस में उतनी ही सुविधा मिलेगी जितनी अभी वॉट्सऐप वेब से जुड़े पीसी में मिलती है.
लिंक्ड या कनेक्टेड अन्य डिवाइस को ऑथोराइज करने के लिए केवल प्राइमरी फोन का उपयोग किया जा सकता है. यह प्रोसेस वॉट्सऐप वेब को अधिकृत करने की तरह ही है. यूजर्स को एक क्यूआर कोड स्कैन करना होगा. कंपनी का यह भी कहना है कि वह एक विकल्प के तौर पर ओटीपी-बेस्ड ऑथेन्टिकेशन सिस्टम पर काम कर रही है.
कंपनी ने यह भी कहा है कि जिस प्राइमरी फोन पर वॉट्सऐप अकाउंट साइन इन है अगर वह कुछ समय के लिए इनएक्टिव है, तो सभी लिंक्ड डिवाइस से आप साइन आउट हो जाएंगे.









