सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने एनसीबी के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में एफआईआर दर्ज की है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार समीर वानखेड़े समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिसमें NCB के अन्य अधिकारी शामिल हैं। सीबीआई की FIR में आरोप लगाए गए हैं कि समीर वानखेड़े और अन्य ने कोडिला क्रूज आर्यन खान ड्रग्स केस में 25 करोड़ की डिमांड की थी और 50 लाख उगाही के तौर पर ले लिए थे।
मुंबई, दिल्ली समेत 29 स्थानों पर तलाशी ली गई
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उनके परिसरों की तलाशी ली गई। उन्होंने कहा कि आर्यन खान को दो अक्टूबर, 2021 को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। एनसीबी ने इस मामले में आरोप पत्र दायर किया था और आर्यन खान को ‘क्लीन चिट’ दे दी थी। एनसीबी द्वारा गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दावा किया था कि वानखेड़े के नेतृत्व वाली जांच में चूक हुई थी। उन्होंने कहा कि मुंबई, दिल्ली, रांची और कानपुर में 29 स्थानों पर तलाशी ली गई।
25 करोड़ रुपए की मांग
अधिकारियों ने बताया कि आरोप है कि आईआरएस अधिकारी वानखेड़े और अन्य ने आर्यन खान को मादक पदार्थ मामले में फंसाने के लिए 25 करोड़ रुपए की कथित तौर पर मांग की थी। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई को जानकारी मिली कि अधिकारी और उनके साथी ने 50 लाख रुपए अग्रिम के तौर पर कथित तौर पर लिए थे। वानखेड़े आर्यन खान की गिरफ्तारी के समय मुंबई में एनसीबी के प्रमुख थे। उन्हें पिछले साल मई में चेन्नई में करदाता सेवा महानिदेशालय में स्थानांतरित कर दिया गया था।










