बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर सोना महापात्रा अपनी खूबसूरत आवाज की वजह से लोगों के दिलों में राज करती हैं. वह पिछले कुछ सालों में अपने गानों से लोगों को दीवाना बना चुकी हैं. उनके हर गाने सुपरहिट साबित हुए हैं. आज सोना महापात्रा का बर्थडे है. इस खास मौके पर उनके करियर के बारे में जानते हैं.
सिंगर सोना महापात्रा का जन्म 17 जून, 1976 को उड़ीसा के कटक में एक फौजी परिवार में हुआ था. उन्हें बचपन से गाने का शौक था, जिसे उन्होंने फुल टाइम अपना प्रोफेशन बना लिया.
उन्होंने कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से बीटेक की पढ़ाई की है. इसके बाद उन्होंने एमबीए कंप्लीट किया है. फिल्मों के लिए गाने से पहले सोना महापात्रा ने कई जिंगल्स को अपनी आवाज दी है. उनका ‘पास आओ ना’ जिंगल काफी पॉपुलर हुआ. इसके बाद सोना महापत्रा ने कई टीवी कमर्शियल के कई जिंगल्स गाए.
सोना महापात्रा ने साल 2006 में अमिताभ बच्चन की फिल्म फैमिली के लिए लोहड़ी गाना गाया था, लेकिन उन्हें पॉपुलैरिटी आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी फिल्म Delhi Belly फिल्म के गाने बेदर्दी राजा से मिली थी. इस गाने ने उनके करियर को पंख लगा दिए थे. इसके बाद सोना महापात्रा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.
इसके बाद सोना महापात्रा ने ‘जिया लागे ना’ (तलाश), ‘अंबरसरिया’ (फुकरे), ‘नैना’ (खूबसूरत) जैसे गाने को अपनी आवाज से ऐसा सजाया कि लोग उनके मुरीद हो गए.
पर्सनल लाइफ की बात करें तो सोना महापात्रा ने म्यूजिक कंपोजर राम सम्पत के साथ शादी रचाई है. दोनों साथ में कई स्टेज शो भी कर चुके हैं. यहां तक कि सोना के कई गानों को म्यूजिक राम सम्पत ने दिया है.








