बीते कुछ सालों में दर्शकों के बीच ओटीटी का गजब का क्रेज देखने को मिला है. ओटीटी पर रिलीज हुई वेब सीरीज को ऑडियंस ने खूब प्यार दिया और ये वेब सीरीज काफी सफल भी रहीं. इन सीरीज का एक सीजन खत्म होता नहीं है कि फैंस दूसरे सीजन की मांग करने लग जाते हैं. अब इन सीरीज की बात ही कुछ ऐसी है, एक बार चस्का लग गया तो आप भी अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार करने लग जाएंगे.
आज हिंदी में बनीं ऐसी ही 5 वेब सीरीज के बारे में बात करेंगे जिनके सीजन 1 और 2 को दर्शकों का खूब प्यार मिला. अब फैंस इन सीरीज के तीसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. तो आइए जानते हैं-
अमेजन प्राइम की पॉपुलर वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ की लोकप्रियता के बारे में तो क्या ही कहना. इस वेब सीरीज ने अली फजल, पंकज त्रिपाठी, रसिका दुग्गल, कुलभूषण खरबंदा, हर्षिता गौर और दिव्येंदु जैसे एक्टर्स को घर- घर में पहचान दिलाई. इस सीरीज के पार्ट 1 और 2 की सफलता के बाद से फैंस सीजन 3 की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं.
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अमेजन प्राइम की सीरीज ‘पंचायत’ है. इस सीरीज का दूसरा सीजन काफी इमोशनल था. अब फैंस ये जानना चाहते हैं कि सचिव जी और रिंकी की लव स्टोरी पंचायत चुनाव और प्रधान जी की जिंदगी में आखिर कौन सा नया मोड़ लाती है. ये देखना भी दिलचस्प होगा कि क्या अब सचिव जी गांव छोड़कर जाते हैं या नहीं.
अब बात करते हैं हाल ही में रिलीज हुई सीरीज ‘असुर’ की. इस लोकप्रिय वेब सीरीज का सीजन 2 हाल ही में रिलीज हुआ है और ऑडियंस में इस सीरीज का गजब का क्रेज देखने को मिला है. ‘असुर 2’ के खत्म होते ही अब ऑडियंस ये जानने को बेकरार है कि अगला कल्कि अवतार कौन होगा. इस सीरीज के हर एक एक्टर ने उम्दा अभिनय का प्रदर्शन किया है.
सुष्मिता सेन ने एक लंबे ब्रेक के बाद ओटीटी से वपसी की. एक्ट्रेस की वेब सीरीज ‘आर्या’ को फैंस और क्रिटिक्स दोनों का भरपूर प्यार मिला. इस सीरीज में अपने दमदार अभिनय से सुष्मिता सेन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनका करियर अभी खत्म नहीं हुआ है. ‘आर्या 3’ की शूटिंग हो चुकी है और ये सीरीज जल्द ही डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हो सकती है.
मनोज बाजपेयी की बेहतरीन वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे पार्ट का भी दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. इस सीरीज का सीजन 1 और 2 रोमांच और एक्शन से भरपूर था. अब फैंस ये देखने को बेताब हैं कि इस सीरीज के तीसरे सीजन में कहानी क्या नया मोड़ लेती है.









