वर्ल्ड कप भारत में, टेंशन पाकिस्तान को कम, चैंपियन बनने की है सारी तैयारी

Spread the love

ICC ने एक दिन पहले वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी कर दिया. भारत अपने सभी 9 लीग मैच अलग-अलग शहरों में खेलेगा जबकि पाकिस्तान की टीम को 5 शहरों तक ही सीमित रखा गया है. यानी पाकिस्तान 5 वेन्यू पर ही अपने सारे लीग मुकाबले खेल लेगा और ये उसके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है. क्योंकि पाकिस्तान को भारत के मुकाबले सफर कम करना पड़ेगा और वो कंडीशन का बेहतर इस्तेमाल कर पाएगा और कौन जानता है कि पाकिस्तान की टीम इसका फायदा उठाकर कहीं चैंपियन बन जाए.

वर्ल्ड कप 2023 का शेड्यूल घोषित होते ही टूर्नामेंट के 100 दिन का काउंटडाउन भी शुरू हो गया. पहली बार ये टूर्नामेंट पूरी तरह भारत में हो रहा है. पिछली बार भारत 2011 में अपने घर में ही 28 साल बाद विश्व विजेता बना था. ऐसे में इस बार भी भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया भी रेस में हैं. इसके अलावा पाकिस्तान को भी कम करके नहीं आंका जा सकता. ये टीम भी उलटफेर का दम रखती है और इस बार भारत में विश्व कप होने से उसकी टेंशन भी कम है. जानिए वो कैसे.

पाकिस्तान ने भारत से अहमदाबाद में खेलने में ना-नुकूर की थी और आईसीसी से अपने दो वेन्यू बदलने की मांग की थी. लेकिन, उसकी सारी मांग खारिज हो गईं. हालांकि, इसके बावजूद पाकिस्तान के लिए इसमें नुकसान नहीं, बल्कि फायदा ही है. क्योंकि पाकिस्तान को विश्व कप के लिए ऐसा शेड्यूल मिला है, जिसे देखने के बाद टीम खुश ही होगी.

सुरक्षा वजहों से पाकिस्तान भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के अपने सभी 9 लीग मैच केवल 5 शहरों में ही खेलेगी. इसमें से भी ज्यादातर मैच दक्षिण भारत के शहरों में हैं. पाकिस्तान टीम अपने 9 में से 6 लीग मैच दक्षिण भारत के तीन शहरों चेन्नई, बैंगलुरू और हैदराबाद में खेलेगी. इन तीनों शहरों के बीच की दूरी हजार किमी से भी कम है. इन तीन शहरों के अलावा पाकिस्तान बाकी बचे 3 मैच कोलकाता और अहमदाबाद में खेलेगा. यानी पाकिस्तान को बाकी टीमों के मुकाबले सफर कम करना पड़ेगा और वर्ल्ड कप जैसे अहम टूर्नामेंट में ये फायदे की बात है.

वहीं, टीम इंडिया को देखें तो वो अपने सभी 9 लीग मैच अलग-अलग 9 शहरों में खेलेगी. भारतीय टीम इस दौरान 8 हजार किमी से अधिक का सफर करेगी, जो खिलाड़ियों के लिए थका देने वाला साबित होगा. पाकिस्तान की टीम इससे बच गई है और इससे ना सिर्फ उसके खिलाड़ियों को मुकाबलों के बीच पूरा आराम मिलेगा, बल्कि कंडीशन को समझने का भी पूरा मौका होगा और इसका असर मैच के नतीजों पर पड़ सकता है.

पाकिस्तान अपने विश्व कप के अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को करेगा. इस दिन उसे हैदराबाद में क्वालिफायर-1 से भिड़ना होगा. पाकिस्तान का दूसरा मुकाबला भी हैदराबाद में ही है. 12 अक्टूबर को पाकिस्तान टीम यहां क्वालिफायर-2 खेलेगी. यानी एक हफ्ते पाकिस्तान टीम एक ही शहर में रहेगी. इसके बाद पाकिस्तान टीम को भारत के खिलाफ मैच (15 अक्टूबर) के लिए अहमदाबाद जाना होगा और फिर ऑस्ट्रेलिया से 20 अक्टूबर को बैंगलुरू में टक्कर होगी.

इसके बाद पाकिस्तान को अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लीग मैच चेन्नई में ही खेलेंगे. एक बार फिर उसे लगातार 2 मैच एक ही वेन्यू पर खेलने को मिलेंगे और ये किसी भी लिहाज से फायदे का सौदा ही होगा. क्योंकि पाकिस्तान के पास अच्छे स्पिनर हैं और एक ही वेन्यू पर दो मैच खेलने के कारण खिलाड़ी कंडीशंस के मुताबिक खुद को बेहतर ढाल पाएंगे. इसके बाद पाकिस्तान को अपने आखिरी 3 लीग मैच में 2 कोलकाता में खेलने हैं. यानी यहां भी उसे यात्रा कम करनी पड़ेगी.

विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में इससे ज्यादा कोई टीम क्या उम्मीद कर सकती है. पाकिस्तान के लिए चैंपियन बनने की राह बाकी टीमों के मुकाबले जरूर आसान है.

Author