जिम्बाब्वे की टीम भारत आने को तैयार, वर्ल्ड कप खेलना लगभग पक्का, वेस्टइंडीज को लगा तगड़ा झटका

Spread the love

वनडे वर्ल्ड कप के क्वालिफायर के मुकाबले अभी जिम्बाब्वे में खेले जा रहे हैं. सीन विलियम्स के लगातार दूसरे शतक के दम पर मेजबान टीम ने सुपर-6 के एक मुकाबले में ओमान पर 14 रन से जीत दर्ज की. जीत के साथ जिम्बाब्वे की टीम भारत में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वर्ल्ड कप के करीब पहुंच गई है. ग्रुप राउंड में चारों मैच जीतने वाली मेजबान टीम जिम्बाब्वे के अब सुपर-6 चरण में 6 अंक हो गए हैं. टीम वर्ल्ड कप से सिर्फ एक जीत दूर है. जिम्बाब्वे की जीत से 2 बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज को तगड़ा झटका लगा है. विंडीज के शून्य अंक हैं और टीम सुपर-6 के तीनों मैच जीतकर भी वर्ल्ड कप से बाहर हो सकती है.

मैच में ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. जवाब में जिम्बाब्वे ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 332 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. नंबर-3 पर उतरे सीन विलियम्स ने 103 गेंद पर 142 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. पारी में उन्होंने 14 चौका और 3 छक्का जड़ा. विलियम्स अब तक टूर्नामेंट की 5 पारियों में 5 शतक जड़ चुके हैं और एक 91 रन की पारी भी खेल चुके हैं.

कश्यप का शतक नहीं आया काम
मैच में ओमान ने भी जोरदार संघर्ष किया. ओपनर बल्लेबाज कश्यप प्रजापति ने 97 गेंद पर 103 रन बनाए, लेकिनवे टीम को जीत नहीं दिला सके. 333 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 318 रन ही बना सकी. इस तरह से जिम्बाब्वे ने यह मुकाबला 14 रन से जीता. सुपर-6 के एक अहम मुकाबले में आज श्रीलंका की भिड़ंत नीदरलैंड से होगी. नीदरलैंड की टीम बड़ा उलटफेर करते हुए वेस्टइंडीज को हरा चुकी है.

जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने सुपर-6 में 4-4 अंक के साथ क्वालिफाई किया है. दूसरी ओर वेस्टइंडीज के शून्य अंक हैं. ऐसे में यदि जिम्बाब्वे और श्रीलंका 2-2 मैच जीत लेते हैं, तो वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर जाएंगे. जिम्बाब्वे को अब 2 जुलाई को श्रीलंका से जबकि 4 जुलाई को स्कॉटलैंड से भिड़ना है.

 

Author