विराट कोहली तोड़ेंगे ‘गुरु’ का बड़ा रिकॉर्ड, सचिन को भी करना चाहेंगे पार

Spread the love

विराट काेहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक शतक के मामले में दूसरे नंबर पर हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ 12 जुलाई से शुरू हो रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में भी पूर्व भारतीय कप्तान कोहली कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.

टीम इंडिया एक और अहम सीरीज के लिए तैयार है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 12 जुलाई से शुरू हो रही है. यह दोनों ही टीमों की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए सीजन की पहली सीरीज भी है. सीरीज में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली कई रिकॉर्ड बना सकते हैं. भारतीय टीम का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहतरीन रहा है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें, तो पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने 19 मैच की 33 पारियों में 30 की औसत से 847 रन बनाए हैं. 2 शतक और 2 अर्धशतक ठोका है. 107 रन बेस्ट प्रदर्शन है. वहीं विराट कोहली ने 14 टेस्ट की 19 पारियों में 822 रन बनाए हैं. 2 शतक और 5 अर्धशतक ठाेका है. यानी कोहली को शास्त्री को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 26 रन की जरूरत है.

पूर्व भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में भारत की ओर सबसे अधिक रन बनाने वाले बेटर हैं. गावस्कर ने 27 मैच 48 पारियों में 2749 रन बनाए. 13 शतक और 7 अर्धशतक ठोका. नाबाद 236 रन उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है. अन्य कोई भारतीय खिलाड़ी 2 हजार रन के आंकड़े को नहीं छू सके हैं.

पूर्व भारतीय कप्तान और मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 टेस्ट की 38 पारियों में 64 की औसत से 1978 रन बनाए. 5 शतक और 13 अर्धशतक लगाया है. 146 रन द्रविड़ की सर्वश्रेष्ठ पारी रही है. वीवीएस लक्ष्मण ने 1715, सचिन तेंदुलकर ने 1630 और दिलीप वेंगसरकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में 1596 रन बनाए हैं.

वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में शतक लगाने की बात करें, तो सचिन तेंदुलकर ने 3 शतक लगाए हैं. वहीं विराट कोहली अब तक 2 शतक ठोके हैं. ऐसे में वे सीरीज में 2 शतक और लगाते हैं, तो सचिन को इस मामले में पीछे छोड़ देंगे. सुनील गावस्कर ने सबसे अधिक 13 तो दिलीप वेंगसरकर ने 6 शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़े हैं. टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ उसके घर में अंतिम चारों टेस्ट सीरीज जीती है. उसके लगातार 5वीं बार भी ऐसा करने का मौका है.

Author