ऐपल और विंडोज कंप्यूटर (Apple Vs Windows) के बीच जंग कभी खत्म नहीं होने वाली है. हाल ही में जेट एयरवेज के सीईओ, संजीव कपूर (Sanjiv Kapoor) ने ऐपल कंप्यूटर और उसके उत्पादों को लेकर किए एक ट्वीट में एक नए बहस की शुरूआत कर दी है. ट्वीट में उन्होंने खुलासा किया है कि वह ऐपल के उत्पादों का इस्तेमाल बंद कर चुके हैं और अब विंडोज और एंड्रॉइड (Windows and Android) का इस्तेमाल कर रहे हैं.
संजीव कपूर ने मंगलवार को एक ट्विटर (Twitter) पर अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की और लिखा, “मैंने अपना पहला ऐपल उत्पाद 1986 में इस्तेमाल किया था, उस समय डार्टमाउथ के सभी छात्रों को ऐपल मैक्निंटोस कंप्यूटर जारी किए गए थे. मैंने अपना आखिरी ऐपल उत्पाद 2020 में इस्तेमाल किया था, जब मैंने iTunes से Spotify पर स्विच किया था. अब मैं सख्त रूप से एक विंडोज और एंड्रॉइड यूजर हूं. जैसा कि मेरे हीरो स्टीव जॉब्स ने एक बार कहा था: “अलग सोचो”!”
I used my first Apple product in 1986, when all students at Dartmouth were issued Apple Macintoshes.
I used my last Apple product in 2020, when I switched from iTunes to Spotify.
Am now solidly a Windows and Android guy.
As my hero Steve Jobs once said: “Think Different”! pic.twitter.com/dmKXAM9lUD
— Sanjiv Kapoor (@TheSanjivKapoor) April 18, 2023
हालांकि, संजीव ने ऐपल का इस्तेमाल छोड़ने के पीछे के कारणों से पर्दा नहीं उठाया। उनके इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने कहा, “अब आप कौन सा फोन इस्तेमाल कर रहे हैं? मैं उसी संकट से गुजर रहा हूं कि एंड्रॉइड पर शिफ्ट करूं या नहीं. लेकिन मैक ओएस सुपर स्मूथ, बग और लैग-फ्री है.” एक अन्य यूजर ने संजीव से सवाल किया कि ऐसा करने के पीछे क्या वजह है. वहीं एक अन्य ट्विटर यूजर ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए क्योंकि ऐपल के उत्पाद ज्यादा भरोसेमंद होते हैं.
संयोग से, उनका ट्वीट उसी दिन आया है जब ऐपल ने भारत में अपना पहला स्टोर खोला. मंगलवार को ऐपल के सीईओ टिम कुक ने मुंबई के बीकेसी में कंपनी के स्वामित्व वाले पहले स्टोर का उद्घाटन किया. मुंबई स्टोर के अलावा, 20 अप्रैल को ऐपल का एक ऐसा ही स्टोर नई दिल्ली में भी लॉन्च होगा.
बता दें कि अमेरिकी टेक कंपनी ऐपल भारत में अपने 25 वर्ष पूरा होने का जश्न मना रही है और इस खास मौके को देखते हुए कंपनी ने ब्रांड ओन्ड रिटेल स्टोर खोलने का फैसला किया. सोमवार को, कंपनी ने कहा कि देश में उसके पहले दो स्टोर कंपनी के लिए एक प्रमुख विस्तार योजना को चिन्हित करते हैं. इसके अलावा कंपनी देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पहल को भी शुरू कर रही है. ऐपल ने कहा कि भारत के तेजी से बढ़ते डेवेलपर्स कम्युनिटी के लिए यह एक मील का पत्थर साबित होगा.







