आजकल बालों का झड़ना बेहद आम हो गया है. कम उम्र के लोगों से लेकर युवाओं तक को हेयर फॉल का सामना करना पड़ रहा है. हर किसी की चाहत लंबी उम्र तक घने और काले बालों की होती है. बालों से लोगों की पर्सनैलिटी में चार चांद लग जाते हैं. आजकल खराब लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खान-पान की वजह से कम उम्र में ही लोगों को बालों की तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, बालों की समस्याओं की कई वजह होती हैं. इनमें उम्र, ओवरऑल हेल्थ, जेनेटिक कारण और डाइट महत्वपूर्ण हैं. बढ़ती उम्र और जेनेटिक वजहों को आप रोक नहीं सकते. ऐसे में खान-पान का महत्व सबसे ज्यादा बढ़ जाता है. हेल्दी और विटामिनयुक्त भोजन बालों की ग्रोथ के बहुत जरूरी होते हैं. विटामिन बी 12, विटामिन डी, बायोटिन, राइबोफ्लेविन, आयरन और अन्य पोषक तत्वों की कमी से हेयरफॉल की समस्या हो सकती है. अगर आप हेल्दी डाइट लेना शुरू कर देंगे, तो बालों को हेल्दी रख सकते हैं. आइए आज आपको ऐसे हेल्दी फूड बताते हैं जो बालों को मजबूत रखेंगे.
1.पालक: पालको बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. पालक में फोलेट, आयरन और विटामिन ए और विटामिन सी की भरपूर मात्रा होती है. ये सभी पोषक तत्व बालों के विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं. इन पोषक तत्वों की कमी से बाल झड़ सकते हैं. ऐसे में आप पालक को अपनी डाइट में शामिल कर लाभ उठा सकते हैं.
2. नट्स (Nuts): नट्स को हेयर ग्रोथ के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इनमें कई तरह के पोषक तत्व होते हैं जो बालों के विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं. बादाम में विटामिन ई, विटामिन बी, ज़िंक और आवश्यक फैटी एसिड होते हैं, जिनका सेवन करने से हेयरफॉल की समस्या को रोकने में मदद मिलती है.
3. विटामिन C फूड: कई बार शरीर में विटामिन सी की कमी होने से भी बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं. इससे आप गंजे भी हो सकते हैं. बालों के विकास में विटामिन सी युक्त फूड्स का सेवन करना भी फायदेमंद होता है. विटामिन सी आयरन को एब्जॉर्ब करने के लिए भी जरूरी होता है. नींबू, संतरा, कीवी आदि खट्टे फलों का सेवन प्रतिदिन करना चाहिए. एक गिलास नींबू पानी पीने से बालों को लाभ होने के साथ ही इम्यूनिटी भी बूस्ट होगी.
4. गाजर का जूस: गाजर बालों के लिए बेहद फायदेमंद होता है. आप गाजर को कच्चे सलाद के रूप में या फिर मिक्स सब्जी में डाल कर खा सकते हैं. गाजर का जूस भी फायदेमंद होता है. इसका जूस भी रोजाना पीने से बांल मजबूत होते हैं.
5. बेरीज (Berries): बेरीज एंटीऑक्सिडेंट और विटामिन जैसे यौगिकों से भरे होते हैं. ये हेयर ग्रोथ में बेहद मदद करते हैं. स्ट्रॉबेरी विटामिन सी से भरपूर होती है, जो कोलेजन उत्पादन और आयरन अवशोषण में सहायता करती है. इससे बालों के विकास को बढ़ावा मिल सकता है. ब्लूबेरी, ब्लैकबेरी समेत सभी तरह की बेरीज से बाल मजबूत होते हैं.










