इंसान को फिट रहने के लिए फिजिकली एक्टिव होने के साथ-साथ हेल्दी डाइट की जरूरत होती है. लेकिन आज की भागती-दौड़ती जिंदगी में जिस तरह का लाइफस्टाइल और खान पान है, उसमें किसी का हेल्दी होना बहुत चुनौतीपूर्ण हो गया है. हर कोई किसी न किसी तरह की बीमारी का शिकार हो जाते हैं. इसका सबसे बड़ा कारण होता है हमारा अनहेल्दी लाइफस्टाइल और खाने का गलत तरीका. हम सभी लोग भोजन करते हैं लेकिन अधिकांश लोगों का भोजन का तरीका गलत होता है, इसलिए कई बीमारियों से जूझना पड़ता है. कभी हम ज्यादा तेल, फैट वाली चीजें ज्यादा खा लेते हैं तो कभी जंक फूड, फास्ट फूड का सेवन करते हैं. इससे भी ज्यादा गलत बात यह है कि हम संतुलित रूप से पोषक तत्वों को ग्रहण नहीं करते हैं और जो खाते हैं वह गलत तरीके से खाते हैं.
ऐसे में सवाल यह है कि कोई इंसान फिट कैसे रहें. इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए हमने अपोलो अस्पताल बेंगुलुरु में चीफ क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ प्रियंका रोहतगी से बात की. उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए जरूरी है कि आप जो खाना खाते हैं, उसके खाने का तरीका सही हो लेकिन अक्सर लोग गलतियां करते हैं, खासकर रात में खाने के बाद.
रात में खाना खाने के बाद की गलतियां…
1. खाने के बाद स्क्रीन देखना-डॉ. प्रियंका रोहतगी ने बताया कि आजकल अधिकांश लोग रात में खाना खाने के बाद मोबाइल या टीवी देखते हैं. यह बिल्कुल गलत तरीका है. इससे स्ट्रेस हार्मोन बढ़ सकता है और रात को नींद की गुणवत्ता खराब हो सकती है. इसके कारण कम नींद भी आ सकती है. इसलिए रात में खाना खाने के बाद कम से कम एक घंटे तक बेड पर नहीं जाना चाहिए.
2. खाने के तुरंत बाद बेड पर जाना-रात में खाने के तुरंत पर बेड पर लेट जाना बहुत बड़ी गलती है. इससे भोजन पचाने के लिए आवश्यक एंजाइम निकल नहीं पाते हैं और कई तरह की परेशानियां हो सकती है. इसलिए कभी भी रात में भोजन करने के बाद तुरंत बेड पर न लेटें.
3. स्मोकिंग-अल्कोहल-रात में कुछ लोग खाना खाने के बाद शराब या सिगरटे पीते हैं. सिगरेट सबसे ज्यादा लोग खाना खाने के बाद रात में पीते हैं. यह भी बहुत गलत तरीका है. इससे तत्काल पेट में एसिड रिफलेक्स, हार्ट बर्न, इनडाइजेशन की समस्या हो सकती है. लंबे समय तक ऐसा करने से कई बीमारियां हो सकती है.
4. वॉक न करना-डॉ. प्रियंका रोहतगी कहती हैं कि फिट रहने के लिए जरूरी है कि रात में भोजन करके आप थोड़ी देर वॉक कर लें. इससे बेशक थोड़ी सी थकान होगी लेकिन इससे सुकून की नींद आएगी.









