मुंबई. जब फिल्में हिट हो जाती हैं तो सभी उसकी तारीफ करने लगते हैं. लेकिन जब फिल्म मेकिंग प्रोसेस में होती है तो उस दौरान कई बदलाव होते हैं. साउथ की एक हिट फिल्म ऐसी थी जिसकी स्क्रिप्ट को 12 एक्टर्स को सुनाया गया था, लेकिन फाइनली 13वें नम्बर के एक्टर ने फिल्म की और फिर उसके बाद इतिहास बन गया. आइए, बताते हैं…
फिल्म की कहानी फाइनल होने के बाद उसके लिए कलाकारों का चयन करना भी बड़ा टास्क होता है. फिल्ममेकर एआर मुरुगादास ने साल 2004 में फिल्म ‘गजनी’ की प्लानिंग की थी. लेकिन फिल्म की स्क्रिप्ट फाइनल होने के बावजूद एक्टर्स को फाइनल करने में समय लग गया. लेकिन जब यह फिल्म रिलीज हुई तो सफलता के सारे रिकॉर्ड टूट गए.
साल 2000 में हॉलीवुड फिल्म ‘Memento’ आई थी इसी से इंस्पायर होकर फिल्म ‘गजनी’ की स्क्रिप्ट लिखी गई थी. एआर मुरुगादास की यह तमिल फिल्म 29 सितम्बर 2005 को रिलीज हुई थी. फिल्म में सूर्या और असिन ने मुख्य भूमिका निभाई थी.
मुरुगादास ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस फिल्म की कहानी को 12 एक्टर्स को सुनाया गया था लेकिन किसी ना किसी कारण से वे फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके. फिल्म के लिए थाला अजीत फाइनल हो चुके थे और असिन के साथ कुछ फोटोज भी शूट कर लिए गए थे लेकिन फिर किन्हीं कारणों से वे इस प्रोजेक्ट से दूर हो गए.
अजीत से पहले फिल्म के लिए आर माधवन से भी कॉन्टेक्ट किया गया था. वहीं, फिल्म में नकारात्मक भूमिका निभाने वाले प्रदीप रावत से पहले प्रकाश राज को फाइनल किया गया था.
फिल्म में असिन से पहले ज्योतिका को लीड एक्ट्रेस के तौर पर फाइन किया गया था लेकिन वे फिल्म से नहीं जुड़ सकीं. वहीं, फिल्म में जर्नलिस्ट वाले किरदार के लिए पहले श्रीया सरन और फिर नयनतारा से बातचीत की गई थी, लेकिन बात नहीं जमी.
जब 2005 में यह फिल्म रिलीज हुई तो इसने कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया. सिर्फ 7 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ का बिजनेस किया था. वहीं, साल 2008 में आमिर खान इस फिल्म का हिंदी रीमेक लेकर आए थे. यह फिल्म 65 करोड़ के बजट में बनी थी और इसने 230 करोड़ से ज्यादा का व्यवसाय किया था. साथ ही 100 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली पहली फिल्म बनी थी.








