चेन्नई: तमिलनाडु के गिरफ्तार मंत्री वी. सेंथिल बालाजी का बुधवार को ‘कोरोनरी एंजियोग्राम’ किया गया। चिकित्सकों ने उन्हें ‘‘जल्द से जल्द” बाईपास सर्जरी कराने की सलाह दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तमिलनाडु के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी को बुधवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी उनसे मंगलवार से पूछताछ कर रही थी।
ओमंदुरार एस्टेट में तमिलनाडु गवर्नमेंट मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक की ओर से जारी ‘मेडिकल बुलेटिन’ के अनुसार, बालाजी का 14 जून सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर ‘कोरोनरी एंजियोग्राम’ किया गया। ‘मेडिकल बुलेटिन’ के अनुसार, ‘कोरोनरी एंजियोग्राम’ में उनकी तीन रक्त वाहिकाओं में दिक्कत होने की बात सामने आई जिसके लिए जल्द से जल्द सीएबीजी (कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्ट) बाईपास सर्जरी कराने की सलाह दी जाती है।










