सनी देओल अपनी नई फिल्म गदर 2 को लेकर चर्चा में छाए हुए हैं. ये मूवी बहुत जल्द सिनेमाघरों में दस्तक देगी. सनी देओल ने 90 के दशक में बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचा दिया था. उन्होंने एक से एक 7 सुपरहिट फिल्में दी थीं. हर फिल्म में उन्होंने अपनी एक्टिंग, दमदार डायलॉग्स और एक्शन अवतार से फैंस का दिल जीत लिया था. एक तरह से कहा जा सकता है कि 90s में जब-जब पर्दे पर सनी देओल का ढाई किलो का हाथ उठा है, तो फिल्म सुपरहिट हुई है.
घायल: सनी देओल की फिल्म घायल 1990 में रिलीज हुई थी, जिसमें जबरदस्त एक्शन और ड्रामा का जमकर तड़का लगाया गया था. राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राज बब्बर और मीनाक्षी शेषाद्रि ने काम किया था. ये उस साल की सबसे कामयाब फिल्म साबित हुई थी.
दामिनी: साल 1993 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हुई थी. इसमें सनी देओल, अमरीश पुरी और मीनाक्षी शेषाद्रि ने लीड भूमिका निभाई थी. ये एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें सनी देओल वकील बनकर दुष्कर्म पीड़िता को कोर्ट में न्याय दिलाते हैं. ‘ये ढाई किलो का हाथ जब किसी पर पड़ता है ना तो आदमी उठता नहीं…उठ जाता है’ मशहूर डायलॉग इसी फिल्म का है.
डर: इस फिल्म में सनी देओल और जूही चावला ने स्क्रीन शेयर किया था. वहीं, शाहरुख खान निगेटिव किरदार में नजर आए थे. 1993 में रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी राहुल (शाहरुख खान) नाम के किरदार के ईर्द गिर्द घूमती है, जो (किरण) जूही चावला से पागलों की तरह प्यार करने लगता है. इस फिल्म को बहुत पसंद किया गया था. मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की थी.
जीत: सनी देओल की ‘जीत’ एक्शन थ्रिलर फिल्म थी. इसमें करिश्मा कपूर, सनी देओल के अपोजिट नजर आई थीं. वहीं, सलमान खान भी इस फिल्म का हिस्सा थे. इस फिल्म में सनी देओल ने एक गैंगस्टर का किरदार निभाया था, जिसे (काजल) करिश्मा कपूर से प्यार हो जाता है. साल 1996 में रिलीज हुई ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी.
घातक: सनी देओल की ये फिल्म काफी चर्चा में रही. इसमें उन्होंने अमरीश पुरी, मीनाक्षी शेषाद्रि और डैनी डेंजोंगप्पा जैसे सितारे नजर आए थे. साल 1996 में रिलीज हुई ये फिल्म मारधाड़ और एक्शन से भरपूर थी. फिल्म में बोले गए सनी देओल के डायलॉग्स आज भी चर्चा में हैं.
जिद्दी: साल 1997 में सनी देओल की फिल्म जिद्दी रिलीज हुई थी जिसमें अनुपम खेर, रवीना टंडन और आशीष विद्यार्थी ने लीड किरदार निभाया था. इस फिल्म में सनी देओल ने देवा का रोल किया था, जो अपराध की दुनिया में कदम रखता है. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हुई थी.
बॉर्डर: भारत-पाकिस्तान वॉर पर बनी फिल्म बॉर्डर सनी देओल की सुपरहिट फिल्मों में शुमार है. वैसे तो ये एक मल्टीस्टारर फिल्म थी, लेकिन स्क्रीन पर सारी महफिल सनी देओल ने लूट ली थी. जेपी दत्ता के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म साल 1997 में ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.









