बिहार में भारी बारिश! नक्षत्रों के हिसाब से जानें देश में इस बार मानसून का हाल

Spread the love

भीषण गर्मी से निजात के लिए हम सबको मानसून का बेसब्री से इंतजार है. मौसम वैज्ञानिकों ने भी मानसून को लेकर पूरी जानकारी साझा कर दी है, लेकिन आज हम आपको वैज्ञानिक दृष्टिकोण नहीं बल्कि ग्रह नक्षत्रों के आधार पर मानसून की पूरी जानकारी देने जा रहे हैं. शुक्ल पक्ष के शुरू होते ही मानसून के आगमन के अच्छे लक्षण दिखाई देने लगेंगे. जून के आखिरी सप्ताह के आसपास से अच्छी वर्षा का प्रबल ग्रह योग है. ऐसा कहना है पश्चिम चम्पारण जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री का. उनकी गणना के अनुसार, 6 से 12 जुलाई के आसन्न शुक्र मंगल की युति अच्छी वर्षा कराएगी. कुल मिलाकर जुलाई, अगस्त और सितम्बर में बिहार में अच्छी बारिश होने का ग्रह योग बन रहा है.

पश्चिम चम्पारण जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री के अनुसार, 22 जून को रात्रि 1 बजकर 27 मिनट पर सूर्य आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और चंद्रमा जल राशि कर्क में रहेंगे. चंद्रमा के केंद्र में जलीय ग्रह गुरु और शुक्र का होना भीषण गर्मी में कमी तथा अच्छी वर्षा की शुरुआत होने का योग बना रहा है. भारतीय ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जून से सितंबर महीने के बीच 83 फीसदी बारिश होने की संभावना है. ऐसे में धान की खेती करने वाले किसानों को बारिश से पर्याप्त पानी मिलता रहेगा.

दिल्ली सहित कई राज्यों में अच्छी वर्षा के योग
ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री ने बताया कि दिल्ली के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी 2 या 3 जुलाई तक अच्छी वर्षा होने के ग्रह संकेत हैं. इस बीच मुंबई, रायपुर, नागपुर, भोपाल और कोलकाता आदि शहरों में सामान्य से अधिक वर्षा के आसार नजर आ रहे हैं. जबकि सितंबर में मंगल, कन्या राशि में सूर्य से आगे गोचर कर रहे होंगे. भविष्यफल भास्कर की मानें तो सूर्य से आगे मंगल के गोचर करने के समय वर्षा में बाधा आ सकती है. ऐसे में सितंबर में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना आदि क्षत्रों में वर्षा में कुछ कमी आ सकती है.

Author