क्या है दीपक जलाने के सही नियम, 5 बातों का रखें खास ख्याल, दिशा का है विशेष महत्व

Spread the love

सनातन धर्म में पूजा-पाठ हो या फिर कोई धार्मिक या मांगलिक अनुष्ठान इस दौरान दीपक जलाने का विशेष महत्व है. बिना दीपक जलाए पूजा-पाठ अधूरी मानी जाती है. हर व्यक्ति अपने पूजा घर में देवी-देवताओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करता है, परंतु क्या आप जानते हैं दीपक जलाने के सही तरीके के बारे में? अगर नहीं तो आइए जानते हैं भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा से.

दीपक जलाने के नियम क्या हैं- हिंदू धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, पूजा-पाठ के दौरान यदि आप भगवान के समक्ष दीपक जला रहे हैं तो ध्यान रखें कि यदि आप घी का दीपक प्रज्वलित कर रहे हैं तो उसे हमेशा भगवान के दाहिने यानी कि सीधे हाथ की तरफ रखें. वहीं, यदि आप तेल का दीपक प्रज्वलित कर रहे हैं तो उसे भगवान के बाएं यानी उल्टे हाथ की तरफ रखना शुभ होता है. दीपक जलाने से घर में सुख- समृद्धि का आगमन होता है. आप प्रतिदिन नियमित रूप से देवी-देवता के समक्ष घी का दीपक जला सकते हैं. अगर आप घी का दीपक जलाने में असमर्थ हैं तो तेल का दीपक जला सकते हैं.

किस दिशा में जलाएं, किस दिशा में नहीं? धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, दीप प्रज्वलित करते समय ध्यान रखें कि पूजा घर में दीपक पश्चिम दिशा में ना हो. इसके अलावा उत्तर दिशा में भी दीपक नहीं जलाना चाहिए. इससे आपको आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि दीपक की लौ उत्तर दिशा में कर सकते हैं. इस दिशा में दीपक की लौ रखने से धन लाभ होता है. वहीं पूर्व दिशा में दीपक की लौ रखने से आयु में वृद्धि होती है.

बाती का रखें विशेष ध्यान- धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, यदि आप पूजा घर में देवी-देवता के समक्ष तेल का दीपक जला रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें उसके लिए हमेशा लाल कलावे की बाती का उपयोग करें. वहीं यदि आप घी का दीप प्रज्वलित कर रहे हैं तो उसमें हमेशा रूई की बाती का ही उपयोग करें.

कितनी बार घुमाना चाहिए दीपक?- धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, पूजा करते समय सबसे पहले दीपक भगवान के चरणों में चार बार घुमाएं. उसके बाद नाभि के सामने दो बार, मुख की तरफ एक बार और फिर सिर से लेकर पैर तक सात बार घुमाएं. इस तरह कुल मिलाकर 14 बार दीपक को घुमाना चाहिए. ध्यान रहे आरती करने के बाद दीपक को कभी भी जमीन पर ना रखें. इसे हमेशा थाली पर या फिर किसे ऊंचे स्थान पर ही रखें.

दीपक जलाने के क्या लाभ हैं- शास्त्रों में बताया गया है कि दीपक जलाने की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है. दीपक जलाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा नष्ट होती है. सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है. जीवन में आ रही परेशानियां दूर होती हैं. नियमित रूप से दीपक जलाने पर घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है.

Author