कांकेर। आम जनता की समस्या, शिकायतों के निराकरण के लिए जिला प्रशासन की ओर से क्लस्टरवार जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम सुरही में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें 93 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका विधिवत निराकरण किया जा रहा है। संसदीय सचिव व कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी, क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य हेमलाल मरकाम और जिले के कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस जन चौपाल में पंचायत प्रतिनिधि व क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
जन चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए संसदीय सचिव शोरी ने कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी यहॉ मौजूद हैं, आप अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत करें, जिनका नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। यहॉ पर शासन की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, आप उसे समझें और योजनाओं से लाभ उठाते हुए अपना आर्थिक उन्नति करें। समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से योजनाएं संचालित की जा रही है। किसानों के कर्ज माफ किये गये, अब इस वर्ष प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदा जाएगा, प्रति क्विंटल दर भी बढ़ा दिया गया है। बेरोजगार युवाओं को हर महीना 25 सौ रुपए बेरोजगारी भत्ता दी जा रही है, साथ ही उन्हें कौशल विकास का प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत भूमिहीन परिवारों को हर साल 07 हजार रुपए दिये जा रहे हैं, गायता, पुजारी भी इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। गोधन न्याय योजना अंतर्गत गौठानों में गोबर खरीदी की जा रही है, आप गोबर बेचकर भी पैसे कमा सकते हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, खेलकूद को भी पुनर्जीवित किया जा रहा है। आदिवासी संस्कृति को भी संरक्षित करने का कार्य सरकार की ओर से किया जा रहा है, गोटुल, देवगुड़ी का निर्माण हो रहा है। छत्तीसगढ़िया खेल में कांकेर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में अव्वल स्थान हासिल किया है। बच्चों को संस्कारवान बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को पढ़ायें, भाईचारे के साथ रहते हुए संपन्न व खुशहाल गांव बनायें।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जन चौपाल में जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उन्हें संवेदनशीलता के साथ यथाशीघ्र निराकृत किया जाएं और संबंधित आवेदकों को भी इसकी सूचना दिया जाएं। संसदीय सचिव शोरी ने ग्रामीणों की मांग पर प्राथमिक-माध्यमिक शाला मासुलपानी में शौचालय मरम्मत के लिए 50 हजार रुपए, प्राथमिक शाला मुरूमतरा में किचन शेड निर्माण के लिए 75 हजार रुपए, मर्रामपानी से बाबालारी मार्ग पर पुलिया तक पहुंच मार्ग के लिए 01 लाख 50 हजार रुपए, बादल के बाजार स्थल में हाट-बाजार क्लीनिक शेड निर्माण के 01 लाख 50 हजार रुपए और उप स्वास्थ्य केन्द्र सुरही में शेड निर्माण के लिए 01 लाख 50 हजार रुपए स्वीकृत करने सहित ग्राम पंचायत सुरही में मानस मंच निर्माण और भनसुली के आश्रित मोहल्ला नयापारा में रंगमंच निर्माण के लिए भी स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा किया। जन चौपाल में 09 लोगों को वनाधिकार मान्यता पत्र व 03 लोगों को राशन कार्ड प्रदान किये गये।
जिला पंचायत सदस्य हेमलाल मरकाम ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जन चौपाल में शासकीय योजनाओं की भी जानकारी दिया जा रहा है, जो बहुत अच्छी बात है। ग्रामीण जन योजनाओं को समझें और उसका लाभ उठायें। जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मनरेगा के सभी श्रमिकों को श्रम पंजीयन कराने की समझाइश उनके द्वारा दी गई। कलेक्टर डाॅ. प्रियंका शुक्ला ने कहा कि 26 जून से स्कूल खुल रहा है, सभी पालक अपने बच्चों को स्कूल भेजें, कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न हो। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में काम करने वाले सभी श्रमिक और बिहान की बहनें अपना श्रम पंजीयन जरूर करायें, ताकि उन्हें योजनाओं से लाभान्वित की जा सके। जन चौपाल में उपस्थित सभी ग्रामीणों को अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने की समझाइश देते हुए उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी का पता चल जाने से उसका उपचार हो जाता है। जन चौपाल को क्षेत्र के जनपद सदस्य संतराम मरकाम और ग्राम पंचायत सुरही के सरपंच चैनसिंह शोरी ने भी संबोधित किया। एसडीएम कांकेर मनीष साहू द्वारा आभार व्यक्त किया गया।











