विराट कोहली और रोहित शर्मा वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे. उम्र को देखते हुए दोनों खिलाड़ियों का यह अंतिम वनडे वर्ल्ड कप भी कहा जा रहा है. टीम इंडिया काे लीग राउंड के 9 मुकाबले जिन 9 वेन्यू पर खेलने हैं, वहां वनडे में कप्तान रोहित से लेकर कोहली तक का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है.
टीम इंडिया को घर पर ही वनडे वर्ल्ड कप खेलना है. ऐसे में उसे टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार बताया जा रहा है. हालांकि भारतीय टीम 2013 के बाद से कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत सकी है. वर्ल्ड कप के मुकाबले 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच होने हैं. टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें उतर रही हैं और 48 मुकाबले खेले जाने हैं. रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम को लीग राउंड में 9 मैच 9 वेन्यू पर खेलने हैं.
भारत को 9 वेन्यू पर जो मुकाबले खेलने हैं, उसके रिकॉर्ड की बात करें तो वहां विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा तक का बल्ला खूब बोलता है. इन 9 वेन्यू पर कोहली ने 47 वनडे की 46 पारियों में 45 की औसत से 1951 रन बनाए हैं. स्ट्राइक रेट 90 का है. 6 शतक और 12 अर्धशतक ठोका है. यानी 18 बार 50 से अधिक रन बनाए हैं. इस दौरान 127 रन उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है.
रोहित शर्मा इन 9 वेन्यू पर अब तक 29 वनडे खेल चुके हैं और 45 की औसत से 1302 रन बनाए हैं. 3 शतक और 4 अर्धशतक जड़ा है. स्ट्राइक रेट 97 का है. इस दौरान रोहित ने 264 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेली है. रिकॉर्ड को देखें, तो कोहली और रोहित ने मिलकर कुल 9 शतक लगा चुके हैं. वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का दारोमदार इन्हीं 2 बल्लेबाजों पर रहेगा.
अन्य भारतीय खिलाड़ियों की बात करें, तो शुभमन गिल से लेकर केएल राहुल भी इन मैदानों पर वनडे में शतक ठोक चुके हैं. हालांकि अभी राहुल चोट के कारण एनसीए में रिहैब कर रहे हैं. उनका वर्ल्ड कप खेलना पक्का माना जा रहा है. वे बतौर विकेटकीपर मिडिल ऑर्डर में टीम के लिए काफी अहम साबित हो सकते हैं.
वनडे टीम के उप-कप्तान हार्दिक पंड्या का इन वेन्यू पर स्ट्राइक रेट 103 का है. वे बतौर ऑलराउंडर टीम के लिए सबसे अहम रहने वाले हैं. वे निचले क्रम पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के लिए छठे गेंदबाज के तौर पर योगदान देंगे. वनडे वर्ल्ड कप की बात करें तो टीम को पहले मुकाबले में 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है. वहीं 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाना है.











