इंटरनेशनल क्रिकेट और इतनी बड़ी गलती, गेंदबाज ने 10 की जगह डाल दिए 11 ओवर, और अंपायर…

Spread the love

नई दिल्ली. हर खेल के नियम होते हैं और वे उसी के तहत खेले जाते हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी की बात करें, तो उसने क्रिकेट को लेकर कुछ नियम बनाए हैं. एक नियम यह भी है कि 50 ओवर के वनडे के मुकाबले में एक गेंदबाज 10 से अधिक ओवर नहीं डाल सकता, लेकिन श्रीलंका और न्यूजीलैंड की महिला टीम के बीच खेले गए वनडे के मुकाबले में एक गेंदबाज ने 11 ओवर डाल दिए. अंपायर भी इस गलती को नहीं पकड़ सके. नियम के विरुद्ध खेल के बाद भी इसका असर रिजल्ट पर नहीं पड़ा. न्यूजीलैंड ने दूसरा वनडे 116 रन से जीत लिया. इस तरह से 3 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई.

न्यूजीलैंड की ऑफ स्पिनर एडेन कार्सन ने 10 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट लिए. श्रीलंका पारी के 45वें ओवर में उन्होंने अपना कोटा पूरा कर लिया था. लेकिन न्यूजीलैंड की कप्तान और कार्सन को भी अपने 10 ओवर के कोटे के बारे में पता नहीं था. कार्सन ने 47वें ओवर फिर से डाल दिया. इस दौरान उन्होंने 5 डॉट बॉल डाली और एक रन बना. उन्होंने 11 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिया. मैच की बात करें, तो न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 329 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम 48.4 ओवरों में 213 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

5 रन की पेनल्टी भी लगी
मैच में एक और बड़ा मामला भी सामने आया. न्यूजीलैंड की पारी के 48वें ओवर में जॉर्जिया पिल्मर और ब्रुकी हालीडे बल्लेबाजी कर रही थी. इस दौरान पिच पर दौड़ने के कारण न्यूजीलैंड पर 5 रन की पेनल्टी लग गई. मैच में न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान सोफी डिवाइन और अमेलिया केर ने शतकीय पारी खेली. केर ने 106 गेंद पर 108 रन बनाए. 7 चौका और एक छक्का जड़ा. वहीं डिवाइन 121 गेंद पर 137 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. 17 चौका और एक छक्का लगाया.

गेंदबाजी की बात करें, तो तेज गेंदबाज ली ताहुहू ने 31 रन देकर 4 विकेट लिए. सोफी डिवाइन और अमेलिया केर ने एक-एक विकेट भी लिया. डिवाइन प्लेयर ऑफ द मैच रहीं. सीरीज का अंतिम मुकाबला 3 जुलाई को खेला जाएगा.

 

Author