कमाल के हार्दिक पंड्या! इंटरनेशनल क्रिकेट में 5 मौकों पर जड़ चुके लगातार 3 छक्‍के

Spread the love

टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की शॉर्टर फॉर्मेट में उपयोगिता किसी से छुपी नहीं है. अपनी शानदार बॉलिंग और बैटिंग से वे किसी भी मैच का रुख बदलने में सक्षम हैं. बैटिंग की बात करें, तो हार्दिक की टाइमिंग जबर्दस्‍त है और बल्‍ले के संपर्क में आते ही गेंद बाउंड्री क पार जाती नजर आती है. इंटरनेशनल क्रिकेट में कई मौकों पर यह क्षमता दिखा भी चुके हैं. किसी भी स्‍तर के क्रिकेट में लगतार 3 छक्‍के लगाना आसान नहीं है लेकिन हार्दिक पंड्या पांच मौकों पर विपक्षी गेंदबाजों को लगातार 3 छक्‍के लगाने का कारनामा अंजाम दे चुके हैं.

1. वर्ष 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप मैच (India vs Pakistan)में हार्दिक ने सबसे पहले इस कारनामे को अंजाम दिया था. उन्‍होंने भारतीय पारी के आखिरी ओवर में पाकिस्‍तानी स्पिनर इमाद वसीम (Imad Wasim) की लगातार तीन गेंदों पर छक्‍के लगाए थे. भारतीय पारी के 48वें ओवर में हार्दिक ने पहली तीन गेंदों पर यह हिट लगाई थीं. 4 जून 2017 को बर्मिघम में हुआ यह मैच भारतीय टीम ने 124 रन (D/L method) से जीता था.

2. इसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में पाकिस्‍तान के खिलाफ हार्दिक ने एक बार फिर इस कारनामे को अंजाम दिया. इस बार उनके निशाने पर पाकिस्‍तान के दाएं हाथ के लेग स्पिनर शादाब खान (Shadab Khan) रहे. पारी के 23वें ओवर की पहली तीन गेंदों को हार्दिक ने छक्‍के के लिए बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया था. हालांकि 18 जून 2017 को ओवल में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम को 180 रन से हार का सामना करना पड़ा था और चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्‍तान टीम जीतने में सफल रही थी. मैच में पाकिस्‍तान के 338/4 के जवाब में भारतीय टीम 158 रन बनाकर ही ढेर हो गई थी.

3. भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्‍ट में हार्दिक ने न केवल शतक (108 रन)जड़ा था बल्कि फिर लगातार तीन गेंदों पर 6 जड़ दिए थे. अपनी शतकीय पारी के दौरान उन्‍होंने एम. पुष्‍पकुमारा की गेंद पर लगातार गेंदों को बाउंड्री के बाहर छक्‍के के लिए पहुंचाया था. भारतीय की पहली पारी के दौरान 116वें ओवर में हार्दिक ने श्रीलंकाई बॉलर को पहली गेंदों पर चौका लगाया और फिर अगली तीन गेंदों को छक्‍के के लिए बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया था. ओवर में 26 रन बने थे.अगस्‍त 2017 में पल्‍लीकेले में खेले गए इस टेस्‍ट को भारत ने पारी के अंतर से जीता था.

4. 2017 में ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ हार्दिक ने फिर यह कमाल किया था.उन्‍होंने ऑस्‍ट्रेलियाई स्पिनर एडम जंपा (Adam Zampa) की ओर से फेंके गए पारी के 37वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद अगली तीन गेंदों पर छक्‍के जमा दिए थे. ओवर में 24 रन बने थे. 17 सितंबर को चेन्‍नई में खेले गए इस मैच में भारत ने 26 रनों (D/L method)से जीत हासिल की थी.

5.वर्ष 2019 में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में हार्दिक ने पांचवीं बार यह कारनामा किया था.वेलिंगटन में खेले गए इस मैच में उन्‍होंने विपक्षी टीम के लेग स्पिनर टॉड एस्‍टल (Todd Astle) की गेंदों को निशाना बनाया था और लगातार तीन छक्‍के लगाए थे.भारतीय पारी के 47वें ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद को उन्‍होंने छक्‍के के लिए बाउंड्री के बाहर भेज दिया था. 3 फरवरी 2019 को खेला गया यह मैच भारतीय टीम ने 35 रन से जीता था. हार्दिक ने 22 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली थी जिसमें दो चौके और पांच छक्‍के शामिल थे.

Author