बालोद| नई शिक्षा नीति को लेकर स्कूलों में व्यापक रूप से तैयारियां शुरू हो गई है। नई शिक्षा नीति में केवल शिक्षकों ही नहीं बच्चों को व पालकों को भी नई शिक्षा नीति के संबंध में जानकारी देने वृहद कार्ययोजना बनाई गई है। इसी संदर्भ में शुक्रवार को जिले के दुधली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय मालिघोरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
नवोदय स्कूल की प्राचार्य साधना अनुपम दलेला ने बताया कि, पूर्व की 10 प्लस 2 प्लस 3 शिक्षा प्रणाली को बदलकर अब 5 प्लस 3 प्लस 3 प्लस 4 रन प्रणाली लागू की गई है। नई शिक्षा नीति में नवाचार लाते हुए प्रयोग के माध्यम से बच्चों को नए तरीके से विकसित किया जाएगा। एन ई पी 2020 के संबंध में अरिहंत एकेडमी के प्राचार्य आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि नई शिक्षा नीति आने वाले समय के लिए बहुत ही कारगर साबित होगी। खासतौर पर युवाओं को 21वीं सदी के अनुरूप तैयार करेगी। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज दुधली के प्राचार्य एसके सिंग ने बताया के इस शिक्षा नीति से यह स्पष्ट है, कि कोई भी बच्चा जो पहली कक्षा में प्रवेश लेगा, उसे अंत तक इसका लाभ मिलेगा।











