असम के CM, मंत्री एवं अधिकारी राज्य के 25 हजार से अधिक गांवों का दौरा करेंगे, कही ये बड़ी बात

Spread the love

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि वह सामाजिक बुनियादी ढांचे की कमी और विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन के स्तर को समझने के लिए मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के साथ 15 दिनों की अवधि में राज्य के 25,501 गांवों का दौरा करेंगे।

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार शासन को सीधे लोगों तक ले जाने के लिए ‘सार्वजनिक समाधान’ नामक एक व्यापक कार्यक्रम के जरिये लोगों की नब्ज को समझने की एक पहल शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अधिकारी सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के आंकड़े एकत्र करने और उनकी पहुंच का आकलन करने के लिए मंत्रिस्तरीय दौरे से पहले हर गांव में जाएंगे। इन गांवों का मंत्रिस्तरीय दौरा एक से 15 अक्टूबर के बीच होगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापक स्तर पर आंकड़े संग्रह करके सभी योजनाओं के लाभार्थियों की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई कमी है तो उसे दूर करने के लिए अधिकारी ग्रामीण स्तर पर सामाजिक बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करेंगे।

 

Author