लोकसभा में हंगामे के बीच पास हुए 3 बिल, विपक्ष मणिपुर हिंसा पर करता रहा शोर

Spread the love

मणिपुर मुद्दे पर संसद में सोमवार को भी गतिरोध कायम रहा तथा विपक्ष ने इस विषय पर प्रधानमंत्री के वक्तव्य की मांग को लेकर भारी हंगामा और नारेबाजी की जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन और राज्यसभा चार बार के स्थगन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में हंगामे के बीच ही चलचित्र (संशोधन) विधेयक, 2023 सहित तीन विधेयक को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।

सभापति धनखड़ ने उच्च सदन में यह घोषणा की कि वह मौजूदा गतिरोध को दूर करने के लिए विभिन्न दलों के नेताओं के साथ दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर बैठक करेंगे। किंतु यह बैठक संभवत: बेनतीजा रही क्योंकि अपराह्न साढ़े बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों का हंगामा और नारेबाजी जारी रही।

लोकसभा में बैठक शुरू होने पर प्रश्नकाल शुरू कराया गया, उसी समय विपक्षी सदस्य मणिपुर मुद्दे पर जल्द चर्चा कराने और प्रधानमंत्री मोदी के जवाब की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। हाथों में तख्तियां लिए हुए कई विपक्षी सांसद आसन के निकट पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

लोकसभध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन चलने देने की अपील की। हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही 11 बजकर करीब 15 मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दोपहर दो बजे बैठक फिर शुरू होने पर हंगामे एवं नारेबाजी के बीच सदन ने संक्षिप्त चर्चा के बाद ‘चलचित्र (संशोधन) विधेयक, 2023′ को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। राज्यसभा में यह विधेयक पहले ही पारित हो चुका है।

इसके साथ ही निचले सदन ने ‘संविधान (अनुसूचित जनजातियां) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022′ और ‘संविधान (अनुसूचित जनजातियां) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक, 2022′ को बिना चर्चा के ध्वनिमत से पारित कर दिया। लोकसभा पूर्व में इन दोनों विधेयकों को पारित कर चुकी थी। किंतु सरकार द्वारा राज्यसभा में इन विधेयकों में कुछ संशोधन किए जाने के कारण इन्हें दोबारा मंजूरी के लिए लोकसभा लाया गया था। सदन में विपक्षी सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी के कारण पीठासीन सभापति किरीट सोमैया ने बैठक पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी।

 

Author