छत्तीसगढ़ में 1200 करोड़ रु. के शराब घोटाले की जांच कर रहा ईडी अब झारखंड में भी नई शराब नीति की जांच शुरू कर सकता है। ईडी ने ग्रेटर नोएडा के कासना थाने में होलोग्राम सप्लाई करने वाली कंपनी प्रिज्म होलोग्राफी, सिक्यूरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विधु गुप्ता सहित 5 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अन्य आरोपियों में छत्तीसगढ़ उत्पाद विभाग के विशेष सचिव अरुण पति त्रिपाठी, उत्पाद आयुक्त निरंजन दास, आयुक्त अनिल तुतेजा और अनवर ढेवर शामिल है। ईडी ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि होलोग्राम की डुप्लीकेसी की गई और विभिन्न राज्यों में आपूर्ति की गई। इसमें झारखंड भी शामिल है।
ईडी ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि छत्तीसगढ़ के शराब सिंडीकेट ने प्रिज्म कंपनी से 5 साल में 80 कराेड़ हाेलाेग्राम बनाने का कॉन्ट्रेक्ट किया था। इसमें सिंडीकेट काे प्रति हाेलाेग्राम 8 पैसे की दर से कमीशन देना तय था। इसी कंपनी काे झारखंड में भी हाेलाेग्राम सप्लाई करने का ठेका मिला था।
छग मॉडल पर झारखंड में बनाई गई थी नई शराब नीति
झारखंड में भी छत्तीसगढ़ मॉडल पर मई 2022 से शराब नीति बनाई गई है। इनमें छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एपी त्रिपाठी को सलाहकार बनाया गया था। प्रिज्म कंपनी को शराब की बोतलों पर लगने वाले होलोग्राम छापने का काम मिला था। इसी तरह सुमित फैसिलिटीज लिमिटेड को मैन पॉवर सप्लाई की जिम्मेदारी दी गई थी। तीनों ही छत्तीसगढ शराब घोटाले में आरोपी हैं।
झारखंड में तीनों कंपनियों पर हो चुकी है कार्रवाई
झारखंड में तीनों कंपनियों पर कार्रवाई हो चुकी है। प्रिज्म पर होलोग्राम छापने पर रोक लगा दी गई है। इसे ब्लैक लिस्टेड किया गया है। वहीं सुमित फैसिलिटीज नामक कंपनी काे राजस्व में हाे रहे नुकसान की वजह से कंपनी की बैंक गारंटी को जब्त कर लिया गया है। छत्तीसगढ स्टेट कार्पोरेशन को भी सलाहकार से हटा दिया गया है।









