देश आज स्वतंत्रता दिवस के रंग में डूबा हुआ है। पूरा भारतवर्ष आज अपनी आजादी का 77वां उत्सव मना रहा है। पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 10वीं बार तिरंगा फहराया। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों और देश की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। प्रधानमंत्री ने देश को उन्नति के पथ पर ले जाने का प्लान बताया। पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तृष्टीकरण पर जोरदार प्रहार किया। पीएम ने कहा हमें इन तीनों बुराइयों से मुक्ति पाना है। उन्होंने कहा हमें ऐसा भारत बनाना है जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का था, स्वतंत्रता सेनानियों का था, वीरांगनाओं का था। पीएम मोदी ने अपने भाषण की समाप्ति पर एक कविता पढ़ी। यह कविता इस प्रकार है…
”चलता चलाता काल चक्र, अमृतकाल का भाल चक्र,
चलता चलाता काल चक्र, अमृतकाल का भाल चक्र,
सबके सपने, अपने सपने, पनपे सपने सारे,
वीर चले, धीर चले, चले युवा हमारे,
नीति सही, रीति नई, गति सही, राह नई,
चुनो चुनौती सीना तान, जग में बढ़ाओ देश का नाम”
अगली 15 अगस्त को फिर आउंगा
लाल किले से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘2014 में मैंने बदलाव लाने का वादा किया था। आपने मुझ पर जो भरोसा जताया था, मैंने उसे पूरा करने की कोशिश की। इससे पिछले पांच वर्षों में मुझे आत्मविश्वास मिला है। मैंने आपसे रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के जरिए बदलाव लाने का वादा किया था। मैंने राष्ट्र के लिए कड़ी मेहनत की है और मैंने इसी भावना के साथ काम किया है।” पीएम मोदी ने कहा, ”अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से मैं आपको देश की उपलब्धियां, आपके सामर्थ्य, आपके संकल्प, उसमें हुई प्रगति, उसकी सफलता और गौरवगान… पूरे आत्मविश्वास के साथ आपके सामने प्रस्तुत करूंगा।’
परिवारवादी पार्टियों का मंत्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले सालों में सरकार ने भ्रष्टाचारियों की जो संपत्ति जब्त की है वह पहले की तुलना में 20 गुना ज्यादा है। उन्होंने कहा, ‘‘आपकी कमाई का यह पैसा लोग लेकर भागे थे। 20 गुना ज्यादा संपत्ति को ज़ब्त करने का काम किया है हमने। इसलिए ऐसे लोगों की मेरे प्रति नाराजगी होना स्वाभाविक है। लेकिन मुझे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाना है।” मोदी ने कहा कि ये तीनों विकृतियां भारत के लोकतंत्र को कभी मजबूती नहीं दे सकतीं। उन्होंने कहा ‘‘यह बीमारी है। परिवारवादी पार्टियों का मंत्र है परिवार का, परिवार के द्वारा और परिवार के लिए।
विश्वकर्मा जयंती पर ‘विश्वकर्मा योजना’ शुरू की जाएगी
पीएम मोदी ने मंलगवार को कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कई समुदायों को नई ताकत देने के लिए अगले महीने विश्वकर्मा जयंती के मौके पर ‘विश्वकर्मा योजना’ आरंभ की जाएगी। उन्होंने 77वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना भारत के लाखों व्यवसाइयों और कारीगरों के उत्थान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगी। प्रधानमंत्री ने कुछ पेशेवर कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों में लगे ज्यादातर लोग ओबीसी समुदाय से हैं। मोदी ने कहा, ‘‘इन लोगों को नई ताकत देने के लिए, आने वाली विश्वकर्मा जयंती पर करीब 13-15 हजार करोड़ रुपये से विश्वकर्मा योजना प्रारंभ की जाएगी। ”











