तालाब में हाथियों के दल की मस्ती

Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही वनमंडल में 5 हाथियों का दल तालाब में मस्ती करते हुए नजर आया। हाथियों के तालाब में नहाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में 38 दिनों तक रहने के बाद पिछले 5 दिनों से मरवाही वनमंडल में ये 5 हाथी डेरा जमाए बैठे हैं।

मरवाही के दानीकुंडी में 4 मकान और 7 ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचाकर हाथी पेंड्रा-मरवाही मेन रोड भी पार करते हुए दिखे। दानीकुंडी गांव के कंपार्टमेंट नंबर 2005 में हाथियों का यह दल तालाब में नहाते और अठखेलियां करता हुआ नजर आया। इधर हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

12 अगस्त को भी हाथियों ने मरवाही वनमंडल अंतर्गत सिवनी बीट के करहनी गांव में जमकर उत्पात मचाया था। हाथियों ने जुनहाटोला में ग्रामीण गणपत सिंह गोंड के घर को तोड़ दिया था और अंदर घुसकर धान की फसल को चट कर गए थे। इसके बाद बाड़ी में केले और दूसरे फलों को भी खा गए थे।

हाथियों का दल डढिया से घिनौची होते हुए 13 अगस्त की सुबह कतरगडई के जंगल में पहुंचे थे। बांस प्लांटेशन में वे आराम करते दिखाई दिए थे। यह क्षेत्र मध्यप्रदेश के जैतहरी वन परिक्षेत्र की सीमा से लगभग 5 किलोमीटर और छत्तीसगढ़ के मरवाही वन परिक्षेत्र अंतर्गत घूसरिया गांव से 4 किलोमीटर की दूरी पर है। बता दें कि पिछले 38 दिनों में हाथियों के समूह ने एक व्यक्ति की जान ले ली और एक को घायल कर दिया। हाथियों को भगाए जाने दौरान दो व्यक्ति भागते हुए गिरने से भी घायल हुए।

 

Author