कोल गड़बड़ी मामले में शुक्रवार को रायपुर की अदालत में रानू साहू के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई। 280 पेज की शिकायत के साथ 5456 पेज के दस्तावेज अदालत में जमा करवाए गए हैं। इस केस में अब नया ट्विस्ट आया है। कांग्रेस के दो विधायकों को आरोपी बनाया गया है। ED ने दावा किया है कि कोल मामले में वसूली अधिकारियों और नेताओं ने मिलकर की। कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव, चंद्रदेव राय ही वो नेता बताए गए हैं।
इसके अलावा शुक्रवार को ही अदालती कार्रवाई बिलासपुर हाईकोर्ट में भी हुई। वहां ED ने कोल मामले की जांच भी CBI से करवाने की मांग रखी है। ED ने इसे लेकर पिटिशन दायर की है। इस पिटिशन पर सप्ताह भर बाद सुनवाई हो सकती है। इससे पहले पिछले सप्ताह ED ने शराब घोटाला मामले में भी इसी तरह हाईकोर्ट से CBI जांच कराने की मांग की थी।
रायपुर अदालत में ED ने निलंबित आईएएस अफसर रानू साहू के खिलाफ आज विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की अदालत में चार्जशीट पेश की। ईडी के अधिवक्ता डॉ सौरभ पांडे ने बताया कि प्रोसिक्यूशन कम्प्लेंट में निलंबित आइएएस रानू के अलावा कुल 11 लोगो को आरोपी बनाया गया है जिसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और बिलाइगढ़ विधायक चंद्रदेवराय को भी आरोपी बनाया गया है। 550 करोड़ रूपए के कोल घोटाले में ईडी ने निलंबित आईएएस रानू साहू के अलावा IAS समीर विश्नोई, रानू साहू, जेडी माइनिंग एसएस नाग और कोल कारोबारी सूर्यकांत तिवारी समेत आधा दर्जन से अधिक लोगो को गिरफ्तार किया था। ये सभी ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल में है।











