घोषणापत्र बनाने कांग्रेस की कॉपी कर रही है बीजेपी: भूपेश

Spread the love

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने घोषणा पत्र बनाने के लिए लोगों से सुझाव मांगा था। इस बार भी कांग्रेस ई-मेल के जरिए सुझाव ले रही है। सीएम ने कहा कि भाजपा भी उसी तर्ज पर काम कर रही है। इस तरह से भाजपा कांग्रेस की नकल कर रही है।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आए तो पहली बार उनके कार्यक्रम में भाजपा ने छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो लगाई। अमित शाह पोला त्यौहार के दिन आए और बैलों की पूजा की। सीएम ने कहा कि जो चीज हम कर रहे हैं, पीछे-पीछे भाजपा भी वही कर रही है।

सीएम ने कहा कि नगरनार प्लांट को बस्तर के लोगों की भावनाओं को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार लेना चाहती थी लेकिन वो भी रास्ता केन्द्र ने बंद कर दिया है। सीएम ने कहा कि नगरनार प्लांट एनएमडीसी ने बनाया और इससे बस्तर के लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं। अभी प्लांट शुरू ही नहीं हुआ है लेकिन उसकी बिडिंग शुरू हो गई है। पांच कंपनियां निरीक्षण करके चली भी गई हैं। एक तरफ उद्घाटन की बात हो रही है दूसरी तरफ बेचने की कवायद चल रही है। अगर एनएमडीसी नहीं चला सकती तो इसे बीएसपी को देना चाहिए।

लद्दाख के चारागाह भी चीन के कब्जे में

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों लद्दाख में हैं। लद्दाख के लोग पहले जहां अपने मवेशियों को चराने जाते थे अब वह नहीं जा सकते क्योंकि वह भूमि चीन के कब्जे में है। एक तरफ प्रधानमंत्री और भारत सरकार कहते हैं एक इंच भी जमीन उनके कब्जे में नहीं है वहीं दूसरी तरफ लद्दाख के लोग कह रहे हैं की चारागाह की जमीन वह चीन के कब्जे में है।

 

Author